NEET पुनर्परीक्षा पर नैनीताल पुलिस का सख्त पहरा, 11 परीक्षा केंद्र सुरक्षा घेरे में।
उधम सिंह राठौर – प्रधा। सम्पादक
NEET (UG) 2026 पुनर्परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस हाई अलर्ट पर है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर जिले के 11 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी गई है। परीक्षा केंद्रों के आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस ने परीक्षा से पहले जिलेभर में होटल, ढाबों, रेस्टोरेंट और कोचिंग संस्थानों की सघन जांच अभियान चलाया। 161 प्रतिष्ठानों की जांच में 61 स्थानों पर अनियमितताएं मिलने पर कार्रवाई करते हुए ₹16,500 का संयोजन शुल्क वसूला गया।
वहीं वाहन चेकिंग अभियान के दौरान 332 वाहनों के चालान किए गए, 11 वाहन सीज किए गए तथा 2 वाहन चालकों के डीएल और आरसी निलंबन के लिए भेजे गए। इस अभियान में ₹66,500 का संयोजन शुल्क भी जमा कराया गया।
पुलिस द्वारा परीक्षा केंद्रों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। नैनीताल पुलिस ने अभ्यर्थियों और अभिभावकों से अफवाहों से दूर रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।
शीर्षक:
NEET पुनर्परीक्षा पर पुलिस का शिकंजा, 161 होटल-ढाबों की जांच, 332 वाहनों के चालान




