
महाशिवरात्रि से पहले छोटा कैलाश को बड़ी सौगात, 2.65 करोड़ के विकास कार्य शुरू।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
भीमताल। भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सभा पिनरौ स्थित प्रसिद्ध छोटा कैलाश मंदिर के सौंदर्यीकरण एवं आधारभूत सुविधाओं के विकास कार्य का रविवार को शुभारंभ हुआ। क्षेत्रीय विधायक एवं मंत्री राम सिंह कैड़ा ने विधिवत पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य की शुरुआत की। मंदिर के विकास के लिए कुल 2 करोड़ 65 लाख रुपये की स्वीकृति मिली है, जिसमें से एक करोड़ रुपये की धनराशि जारी कर दी गई है।
मंत्री राम सिंह कैड़ा ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से छोटा कैलाश मंदिर को विकसित करने की मांग की थी। मुख्यमंत्री की स्वीकृति के बाद मानसखंड मंदिर माला मिशन के अंतर्गत छोटा कैलाश को पर्यटन एवं धार्मिक आस्था के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य शुरू हुआ है।
पर्यटन विभाग की इस योजना के तहत कुमाऊं मंडल विकास निगम (केएमवीएन) को कार्यदायी संस्था बनाया गया है। परियोजना के तहत मंदिर परिसर में विभिन्न निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्य किए जाएंगे।
श्रद्धालुओं को मिलेगी बेहतर सुविधा
मंत्री कैड़ा ने कहा कि महाशिवरात्रि के अवसर पर छोटा कैलाश मंदिर में भव्य मेले का आयोजन होता है, जिसमें एक लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचते हैं। वर्तमान में मंदिर तक पहुंचने वाला पैदल मार्ग क्षतिग्रस्त होने के कारण श्रद्धालुओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
परियोजना के तहत मंदिर में पारंपरिक शैली का भव्य गेट, रेलिंग और मार्गों का सुधार किया जाएगा। मंदिर के पीछे स्थित धर्मशाला का भी जीर्णोद्धार कराया जाएगा। इसके अलावा मंदिर परिसर की दीवारों का सौंदर्यीकरण भी प्रस्तावित है।
मंत्री कैड़ा ने कहा कि घोड़ाखाल स्थित आस्था के प्रमुख केंद्र में भी सौंदर्यीकरण के कार्य कराए जाएंगे। इससे क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय लोगों को भी लाभ मिलेगा।
ढोल-नगाड़ों और फूल मालाओं से हुआ स्वागत
छोटा कैलाश मंदिर को मंदिर माला मिशन में शामिल कराने और विकास कार्य शुरू होने पर स्थानीय ग्रामीणों ने मंत्री राम सिंह कैड़ा का ढोल-नगाड़ों और फूल मालाओं से भव्य स्वागत किया। ग्रामीणों ने इसके लिए मंत्री का आभार जताया।
कार्यक्रम में क्षेत्र के ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।




