
टिहरी में मेडिकल कॉलेज स्थापना पर मंथन, मुख्यमंत्री धामी ने दिए सकारात्मक संकेत।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से रविवार को मुख्यमंत्री आवास में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल तथा टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय ने शिष्टाचार भेंट कर टिहरी जनपद में मेडिकल कॉलेज की स्थापना को लेकर विस्तृत चर्चा की।
बैठक में मेडिकल कॉलेज की स्थापना से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श हुआ। मुख्यमंत्री ने कहा कि टिहरी जैसे भौगोलिक दृष्टि से महत्वपूर्ण जनपद में मेडिकल कॉलेज की स्थापना से स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी और गढ़वाल मंडल के स्वास्थ्य ढांचे को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनभावनाओं और क्षेत्रीय आवश्यकताओं के अनुरूप इस दिशा में सकारात्मक एवं ठोस कदम उठाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार और आधुनिकीकरण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। दूरस्थ एवं पर्वतीय क्षेत्रों तक विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं पहुंचाने के लिए चिकित्सा अवसंरचना, मेडिकल एवं नर्सिंग शिक्षा, चिकित्सकों की उपलब्धता तथा आधुनिक स्वास्थ्य संस्थानों के विकास पर लगातार कार्य किया जा रहा है।
स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने टिहरी की स्वास्थ्य आवश्यकताओं और मेडिकल कॉलेज स्थापना से जुड़े प्रस्तावों की जानकारी दी, जबकि विधायक किशोर उपाध्याय ने इसे क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही जरूरत बताया। मुख्यमंत्री ने सभी सुझावों पर सकारात्मक विचार का आश्वासन देते हुए कहा कि प्रदेश के स्वास्थ्य तंत्र को और अधिक सशक्त एवं जनोन्मुख बनाने के लिए सरकार प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कदम उठाएगी।




