गजा घण्टाकर्ण महोत्सव-2025 का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया शुभारम्भ, घण्टाकर्ण मंदिर में पूजा अर्चना, राज्य आंदोलनकारी शहीद बेलमती चौहान को किया नमन।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
टिहरी (गजा)। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को अटल उत्कृष्ट रा.इ.का. गजा में आयोजित प्रथम गजा घण्टाकर्ण महोत्सव-2025 का विधिवत शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम की शुरुआत गजा स्थित प्राचीन घण्टाकर्ण मंदिर में पूजा अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना से की। इस अवसर पर उन्होंने राज्य आंदोलनकारी शहीद बेलमती चौहान की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के महोत्सव समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं को जीवंत रखते हैं। उन्होंने गजा को पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थल बताया, जहां से हरिद्वार और हिमालय के दर्शन संभव हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने हेतु विकल्प रहित संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठतम राज्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या, उज्जैन, बद्रीनाथ व केदारनाथ सहित देशभर में सांस्कृतिक धरोहरों के पुनर्निर्माण से भारत विश्वगुरु बनने की दिशा में अग्रसर है।
स्थानीय विकास की दी बड़ी सौगातें
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि गजा में लगभग 30 करोड़ की लागत से पॉलीटेक्निक कॉलेज, 24 करोड़ से हेंवलघाटी पम्पिंग पेयजल योजना, नगर पंचायत कार्यालय, गौशाला व विश्रामगृह जैसी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट, हाउस ऑफ हिमालय ब्रांड से जुड़े उत्पाद स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती दे रहे हैं। महिलाओं के स्वयं सहायता समूह के उत्पाद अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा में भी अपनी जगह बना रहे हैं।
कई ऐतिहासिक निर्णयों का उल्लेख
मुख्यमंत्री ने समान नागरिक संहिता (UCC), नकल विरोधी कानून, धर्मांतरण रोकथाम अधिनियम, सख्त भू-कानून जैसे निर्णयों का उल्लेख किया और बताया कि 100 से अधिक नकल माफियाओं को जेल भेजा गया है। लगभग 23 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियों में सफलता प्राप्त हुई है।
बच्चों की प्रस्तुतियों ने जीता मन
इस अवसर पर स्कूली बच्चों द्वारा स्वागत गीत, सरस्वती वंदना, लोकगीतों एवं नाटकों की शानदार प्रस्तुतियां दी गईं। मुख्यमंत्री ने बच्चों के परिजनों व आयोजकों का आभार व्यक्त किया और कहा कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति व पहनावे को आगे बढ़ाना हम सबका दायित्व है।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में चयनित मेधावी बच्चों को सम्मानित किया और शहीद विक्रम सिंह नेगी के गांव की सड़क का नामकरण उनके नाम पर करने की घोषणा की।
उपस्थित गणमान्य व्यक्ति
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, ब्लॉक प्रमुख, नगर पालिका अध्यक्ष, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी आयुष अग्रवाल, लोकगायक प्रीतम भरतवाण सहित अनेक जनप्रतिनिधि व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

