
मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना से चमकी दीपिका की किस्मत, मेकअप स्टूडियो से बनाई अलग पहचान।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
हल्द्वानी। सरकारी नौकरी और बैंकिंग क्षेत्र में करियर बनाने का सपना देखने वाली हल्द्वानी की दीपिका सनवाल ने असफलताओं से हार मानने के बजाय स्वरोजगार की राह चुनी। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना का लाभ उठाकर उन्होंने अपना मेकअप स्टूडियो शुरू किया और आज वह न केवल आत्मनिर्भर उद्यमी बन चुकी हैं, बल्कि पांच लोगों को रोजगार भी उपलब्ध करा रही हैं।
वर्ष 2022-23 में दीपिका ने मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत उत्तराखंड ग्रामीण बैंक की हल्द्वानी शाखा से 7 लाख रुपये की परियोजना के लिए ऋण प्राप्त किया। इसमें बैंक ने 6.65 लाख रुपये का ऋण वितरित किया, जबकि 35 हजार रुपये का अंशदान दीपिका ने स्वयं किया। योजना के तहत उन्हें 1.05 लाख रुपये की सब्सिडी भी मिली।
दीपिका ने लैक्मे एकेडमी से प्रशिक्षण लेकर हल्द्वानी में ‘DEEPIKA SANWAL MAKEUP STUDIO’ की शुरुआत की। शुरुआत में खुद के लिए रोजगार तलाशने वाली दीपिका ने अपनी मेहनत, हुनर और लगन से कारोबार को आगे बढ़ाया। आज उनके स्टूडियो में ब्राइडल मेकअप, पार्टी मेकअप, हेयर स्टाइलिंग और फेशियल समेत कई ब्यूटी सेवाएं उपलब्ध हैं।
उनकी मेहनत का नतीजा है कि स्टूडियो का वार्षिक कारोबार करीब 10 लाख रुपये तक पहुंच गया है और अब तक पांच लोगों को रोजगार मिल चुका है।
दीपिका की यह कहानी उन युवाओं और महिलाओं के लिए मिसाल है, जो नौकरी के इंतजार में अपने सपनों को पीछे छोड़ देते हैं। उन्होंने साबित कर दिया कि अवसरों का इंतजार करने के बजाय खुद अवसर पैदा किए जा सकते हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में संचालित स्वरोजगार योजनाएं प्रदेश में युवाओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।












