असम के पूर्व DGP बीडी खर्कवाल का निधन, DGP दीपम सेठ ने जताया शोक।

असम के पूर्व DGP बीडी खर्कवाल का निधन, DGP दीपम सेठ ने जताया शोक।

 

 

उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक

 

हल्द्वानी। उत्तराखंड मूल के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी एवं असम के पूर्व पुलिस महानिदेशक बीडी खर्कवाल का 17 सितंबर 2026 की सुबह 90 वर्ष की आयु में बीमारी के चलते निधन हो गया। उनके निधन पर उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने गहरा दुःख व्यक्त करते हुए इसे पुलिस एवं प्रशासनिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया।

 

 

 

सेवानिवृत्ति के बाद बीडी खर्कवाल हल्द्वानी के जज फार्म क्षेत्र में अपने परिवार के साथ रह रहे थे। उनका कुमाऊं और हल्द्वानी से लंबे समय से पारिवारिक एवं प्रशासनिक जुड़ाव रहा। उनके परिवार में पत्नी नीलिमा खर्कवाल, एक पुत्र और एक पुत्री हैं। उनके पुत्र अमिताभ खर्कवाल भारतीय डाक सेवा में महानिदेशक पद से वर्ष 2024 में सेवानिवृत्त हुए।

यह भी पढ़ें 👉  धामी के जन्मदिन पर रामनगर में सजा संस्कृति और सम्मान का मंच, पिरूमदारा पहुंचे भगत सिंह कोश्यारी; 50 से अधिक विशिष्ट विभूतियां सम्मानित।

नैनीताल पुलिस ने दी अंतिम सलामी

दिवंगत पूर्व DGP बीडी खर्कवाल के हल्द्वानी स्थित आवास पर SSP नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी की मौजूदगी में नैनीताल पुलिस, SSB और CRPF के अधिकारियों एवं जवानों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और गार्ड ऑफ ऑनर देकर अंतिम सलामी दी।

इस दौरान SSP नैनीताल ने उनके पुलिस सेवा में दिए गए योगदान को याद करते हुए शोक व्यक्त किया और परिजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की। बाद में उनके पार्थिव शरीर को रानीबाग स्थित चित्रशिला घाट ले जाया गया, जहां परिजनों एवं गणमान्य लोगों की मौजूदगी में अंतिम संस्कार किया गया।

यह भी पढ़ें 👉  रैली से पोस्टर तक पर रोक, MBPG छात्रसंघ चुनाव को लेकर पुलिस ने प्रत्याशियों को समझाए नियम।

असम के चुनौतीपूर्ण दौर में निभाई महत्वपूर्ण भूमिका

बीडी खर्कवाल ने अपने लंबे पुलिस सेवाकाल के दौरान पूर्वोत्तर भारत के चुनौतीपूर्ण दौर में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। असम में उग्रवाद के दौर में उन्होंने कानून-व्यवस्था और सुरक्षा से जुड़े दायित्वों का निर्वहन किया। नवंबर 1990 में ULFA उग्रवादियों के खिलाफ शुरू किए गए ऑपरेशन बजरंग के दौरान वह गुवाहाटी में केंद्रीय खुफिया अधिकारियों के साथ अभियान से जुड़े प्रमुख अधिकारियों में शामिल रहे।

वर्ष 1993-94 में उन्होंने असम के पुलिस महानिदेशक के रूप में सेवाएं दीं। पुलिस सेवा के दौरान उनके अनुभव, प्रशासनिक योगदान और मार्गदर्शन को असम-मेघालय पुलिस बल में सम्मान के साथ याद किया जाता है।

यह भी पढ़ें 👉  12 सूत्रीय मांगों को लेकर एआरटीओ कर्मचारियों का प्रदर्शन, चरणबद्ध आंदोलन जारी।

उत्तराखंड से भी रहा गहरा जुड़ाव

बीडी खर्कवाल ने उत्तराखंड में भी महत्वपूर्ण सेवाएं दीं। उन्होंने SSB रानीखेत और इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB), नैनीताल में भी जिम्मेदारियां निभाईं। सेवानिवृत्ति के बाद भी उनका कुमाऊं क्षेत्र से जुड़ाव बना रहा।

श्रद्धांजलि के दौरान एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल, अपर पुलिस अधीक्षक अमित सैनी, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह, निरीक्षक अभिसूचना ज्ञानेंद्र शर्मा, प्रभारी निरीक्षक मुखानी सुशील जोशी, प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी विजय मेहता, प्रभारी निरीक्षक काठगोदाम जसवीर चौहान, PRO हेमा ऐठानी, ASI हरि सिंह SSB ट्रांजिट कैंप हल्द्वानी सहित पुलिस अधिकारी एवं जवान मौजूद रहे।

नैनीताल पुलिस ने दिवंगत पूर्व DGP बीडी खर्कवाल को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।