
मां नंदा देवी महोत्सव को लेकर पुलिस अलर्ट, एसपी ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
नैनीताल। ऐतिहासिक मां नंदा देवी महोत्सव को लेकर नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी है। 18 से 23 सितंबर तक आयोजित होने वाले महोत्सव में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र और एसपी संचार रेवाधर मठपाल के नेतृत्व में पुलिस बल ने मेला क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला। फ्लैग मार्च रिक्शा स्टैंड मल्लीताल, फ्लैट्स मैदान, भोटिया मार्केट, मस्जिद तिराहा और घोड़ा स्टैंड समेत प्रमुख भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों से होकर गुजरा।
इस दौरान अधिकारियों ने कानून-व्यवस्था, यातायात व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर किए गए इंतजामों का बारीकी से निरीक्षण किया। एसपी संचार रेवाधर मठपाल ने मेला कंट्रोल रूम, सीसीटीवी ग्रिड, खोया-पाया केंद्र और संचार व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा निगरानी और संचार व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधिकारियों ने महोत्सव के दौरान ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी तरह सतर्क रहने तथा असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए। पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील की है कि वे पुलिस द्वारा की गई व्यवस्थाओं का सहयोग करें और शांतिपूर्ण माहौल में मां नंदा देवी महोत्सव का आनंद लें।










