
अंकिता भंडारी हत्याकांड के चार साल पूरे, न्याय की मांग को लेकर महिला कांग्रेस का प्रदर्शन।
रानीखेत रोड पर राज्य सरकार का पुतला फूंका, कांग्रेस नेताओं ने उठाए VIP और साक्ष्यों से जुड़े सवाल।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
रामनगर। उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी हत्याकांड को चार वर्ष पूरे होने पर न्याय की मांग को लेकर शुक्रवार को महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। नगर अध्यक्ष महिला कांग्रेस ललिता उपाध्याय के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रानीखेत रोड पर राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया।
महिला कांग्रेस नगर अध्यक्ष ललिता उपाध्याय ने कहा कि 18 सितंबर 2022 को अंकिता भंडारी की हत्या की घटना सामने आई थी और चार वर्ष बीतने के बाद भी अंकिता के माता-पिता तथा प्रदेश की जनता के मन में कई सवाल हैं। उन्होंने कहा कि मामले में जिस VIP के नाम को लेकर सवाल उठते रहे हैं, उसकी पहचान को लेकर आज भी लोगों के बीच जिज्ञासा बनी हुई है।
उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि घटना के बाद रिजॉर्ट पर तत्काल बुलडोजर चलाए जाने की जरूरत क्यों पड़ी और इससे साक्ष्यों को लेकर सवाल क्यों खड़े हुए। महिला कांग्रेस ने मामले की पूरी सच्चाई सामने लाने और परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।
महिला कांग्रेस रामनगर की ब्लॉक अध्यक्ष ऊषा जोशी ने कहा कि अंकिता उत्तराखंड की बेटी थी और जब तक मामले की पूरी सच्चाई सामने नहीं आती तथा परिवार को न्याय नहीं मिलता, तब तक कांग्रेस कार्यकर्ता आवाज उठाते रहेंगे।
प्रदर्शन के दौरान जिला उपाध्यक्ष महिला कांग्रेस बीना रावत, सतेश्वरी रावत, पूर्व सभासद विमला आर्या, ममता आर्या, काजल आर्या, शीतल नैनवाल, दीक्षा आर्या, वर्षा शर्मा, सुनीता गुसाईं, पूजा आर्या, दिशा शर्मा, पूजा ताड़ियाल, भावना डंगवाल, कुसुम गुसाईं, पदमा रावत, भावना सती, किरन, दुर्गा कश्यप, नगर अध्यक्ष भुवन शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष देशबंधु रावत, अनिल अग्रवाल ‘खुलासा’, भुवन पांडेय समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।










