मौत के जबड़े से पत्नी को खींच लाया पति! बाघ से भिड़ गया रामनगर का दर्शन सिंह।

मौत के जबड़े से पत्नी को खींच लाया पति! बाघ से भिड़ गया रामनगर का दर्शन सिंह।

 

**रामनगर में दिल दहला देने वाली घटना, घास लेने जा रहे दंपति पर अचानक झपटा बाघ, महिला के हाथ पर आए दांतों के गहरे निशान, अस्पताल में चल रहा उपचार**

 

उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक

 

 

 

**रामनगर।** जंगल में घास लेने निकले एक दंपति की जिंदगी उस वक्त मौत के मुहाने पर पहुंच गई, जब अचानक एक बाघ ने चलती बाइक पर हमला बोल दिया। हमले से बाइक सवार पति-पत्नी सड़क पर जा गिरे। इसके बाद खूंखार बाघ ने महिला को अपने जबड़ों में दबोच लिया और जंगल की ओर घसीटने लगा। पत्नी को बाघ के चंगुल में फंसा देख पति ने हिम्मत नहीं हारी। शोर मचाते हुए बाघ का सामना किया। आखिरकार पति की बहादुरी और लगातार शोर मचाने के चलते बाघ महिला को छोड़कर जंगल में भाग गया।

यह भी पढ़ें 👉  राज्यपाल के हल्द्वानी दौरे से पहले नैनीताल पुलिस हाई अलर्ट, सुरक्षा का चक्रव्यूह तैयार।

 

 

 

घटना बुधवार सुबह रामनगर वन प्रभाग की कोसी रेंज के आघे लाल पहाड़ी के समीप ग्रासलैंड क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक टेड़ा निवासी 50 वर्षीय बबली देवी पत्नी दर्शन सिंह अपने पति के साथ मवेशियों के लिए चारा लेने जंगल की ओर जा रही थीं। इसी दौरान घात लगाए बैठे बाघ ने उनकी चलती बाइक पर अचानक हमला कर दिया। हमले से दोनों बाइक समेत नीचे गिर पड़े और देखते ही देखते बाघ ने बबली देवी को अपने पंजों और जबड़ों में जकड़ लिया।

यह भी पढ़ें 👉  धामी के आगमन से पहले कांग्रेस का हल्लाबोल, बोरपुल पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को दबोचा।

 

 

 

आंखों के सामने पत्नी को मौत के मुंह में जाता देख दर्शन सिंह ने हिम्मत दिखाई और लगातार शोर मचाते हुए बाघ को भगाने का प्रयास किया। पति के शोर और विरोध के चलते बाघ महिला को छोड़कर जंगल में भाग गया। इस हमले में बबली देवी के हाथ पर बाघ के दांतों के गंभीर निशान आए हैं।

 

 

 

घटना के बाद वन विभाग की टीम ने पर्यटकों की जिप्सी की मदद से घायल महिला को रामनगर के रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

 

 

रामनगर वन प्रभाग के एसडीओ अंकित बडोला ने बताया कि घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटनास्थल पर वन विभाग की गश्त बढ़ा दी गई है और बाघ की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए मॉनिटरिंग की जा रही है। उन्होंने बताया कि दंपति जंगल के करीब 300 मीटर अंदर गए थे। मौके से दरांती और महिला के कुछ कपड़े भी बरामद हुए हैं। मामले में नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें 👉  बच्चों की जिंदगी से खिलवाड़ करने वालों की अब खैर नहीं! नैनीताल में SSP मंजूनाथ टीसी का बड़ा एक्शन, स्कूल बसों से लेकर वैन तक पुलिस के रडार पर।

 

 

इस खौफनाक घटना के बाद टेड़ा और आसपास के ग्रामीण इलाकों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों में जंगल में बाघ की मौजूदगी को लेकर चिंता बढ़ गई है। सवाल यह है कि आखिर जंगल में चारा लेने जाने वाले ग्रामीण कब तक अपनी जान जोखिम में डालते रहेंगे?