
स्पा सेंटरों में नियमों की अनदेखी पड़ी भारी, छह सेंटरों पर कार्रवाई, 30 हजार रुपये जुर्माना वसूला।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
हल्द्वानी क्षेत्र में स्पा सेंटरों में नियमों के पालन की जांच को लेकर नैनीताल पुलिस की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान छह स्पा सेंटरों में अनियमितताएं मिलने पर पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए कुल 30 हजार रुपये का संयोजन शुल्क वसूला गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर प्रभारी AHTU म0उ0नि. सुनीता कुंवर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने हल्द्वानी क्षेत्र के विभिन्न स्पा सेंटरों का निरीक्षण किया। इस दौरान ग्राहकों के रजिस्टर और कर्मचारियों के पुलिस सत्यापन से संबंधित अभिलेखों की जांच की गई।
चेकिंग में ग्रीन टी स्पा, लुक थाई स्पा, गोल्डन स्पा, फॉरएवर स्पा, योर्स स्पा और क्लाउड 9 स्पा में ग्राहकों का पूर्ण विवरण रजिस्टर में दर्ज नहीं करने तथा कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन नहीं कराने जैसी अनियमितताएं सामने आईं। पुलिस ने सभी छह प्रतिष्ठानों के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए कुल ₹30,000 का संयोजन शुल्क वसूला।
पुलिस ने स्पा सेंटर संचालकों को कर्मचारियों का अनिवार्य पुलिस सत्यापन कराने और प्रत्येक ग्राहक का पूरा एवं सही विवरण निर्धारित रजिस्टर में दर्ज करने के निर्देश दिए। साथ ही नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर आगे भी नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी दी।
नैनीताल पुलिस के अनुसार, मानव तस्करी की रोकथाम और महिलाओं की सुरक्षा के मद्देनजर स्पा सेंटरों की निगरानी और चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।










