
ऑपरेशन प्रहार: चोरगलिया पुलिस ने अवैध तमंचा और कारतूस के साथ युवक को किया गिरफ्तार।
उधम सिंह राठौर – प्रधान सम्पादक
नैनीताल जिले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत चोरगलिया पुलिस ने अवैध हथियार के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी लालकुआँ विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष तारा सिंह राणा के नेतृत्व में की गई।
पुलिस के अनुसार, 2 अगस्त 2026 को नियमित गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर गलफार गेट जाने वाले मार्ग के पास से प्रिंस सिंह (23 वर्ष) निवासी देवपुर सनवाल, थाना चोरगलिया को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक देशी तमंचा .315 बोर और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
इस मामले में थाना चोरगलिया में एफआईआर संख्या 35/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी टीम में अपर उपनिरीक्षक मनजीत सिंह, कांस्टेबल रूपबसंत राणा और कांस्टेबल संदीप सिंह शामिल रहे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध हथियार रखने और अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।




