
*छात्र चुनाव में पुलिस का शक्ति प्रदर्शन—फ्लैग मार्च से दिया संदेश, अराजकता की कोई जगह नहीं*
*SSP डॉ. मंजूनाथ टी.सी. पहुँचे ग्राउंड जीरो पर, सुरक्षा व्यवस्था परखी और पुलिस बल को दिए सख्त निर्देश*
*चुनाव की आड़ में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर होगी तत्काल कार्यवाही*
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज में 29 सितंबर को होने वाले छात्रसंघ चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा का मजबूत घेरा तैयार किया है। चुनाव से पहले पुलिस ने कॉलेज परिसर और आसपास के संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च कर अपनी तैयारियों का प्रदर्शन किया। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने खुद कॉलेज पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
चुनाव ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों को एसपी क्राइम एवं ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल और एसपी संचार रेवाधर मठपाल ने संयुक्त रूप से ब्रीफ किया। अधिकारियों ने पुलिस बल को पूरी सतर्कता और निष्पक्षता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।
चुनाव में हुड़दंग किया तो होगी कार्रवाई
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने स्पष्ट किया कि छात्रसंघ चुनाव की आड़ में किसी भी छात्र को डराने-धमकाने, दबाव बनाने या विवाद पैदा करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बाहरी और आपराधिक तत्वों के हस्तक्षेप या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने कॉलेज परिसर में प्रवेश और निकास द्वारों पर चेकिंग, संवेदनशील स्थानों पर निगरानी और ड्रोन से सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने की योजना बनाई है। इसके अलावा मोबाइल पुलिस टीमें लगातार गश्त करेंगी। जीरो जोन में वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा और मतगणना केंद्र पर विशेष सतर्कता बरती जाएगी।
चुनाव के लिए भारी पुलिस बल तैनात
निर्वाचन को लेकर छह राजपत्रित अधिकारियों, नौ इंस्पेक्टरों, 77 कांस्टेबलों और 34 महिला कांस्टेबलों समेत बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा एंटी रॉयट टीम, आंसू गैस दस्ता, अग्निशमन वाहन और आईआरबी-पीएसी की कंपनी भी सुरक्षा व्यवस्था में शामिल रहेगी।
पुलिस अधिकारियों ने सोशल मीडिया पर भी निगरानी रखने और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। फ्लैग मार्च के जरिए पुलिस ने छात्रों और आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
एसएसपी ने पुलिसकर्मियों को मतदान और मतगणना के दौरान पूरी मुस्तैदी बरतने के निर्देश दिए हैं। पुलिस प्रशासन का कहना है कि चुनाव प्रक्रिया में किसी भी तरह की बाधा डालने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।







