अपराधियों के खिलाफ SSP डॉ. मंजूनाथ टी.सी. का बुलडोजर एक्शन, 07 बंद दुकानों की चोरी का पर्दाफाश, 45+ मुकदमों वाले हिस्ट्रीशीटर ‘पिद्दा’ और साथी गिरफ्तार, लालकुआं, मुखानी व काठगोदाम में चोरी के मुकदमों का राजफाश, 2 लाख 28 हज़ार की नगदी, मोबाइल व मोटरसाइकिल बरामद, पुलिस टीम की एसएसपी ने थपथपाई पीठ।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
लालकुआं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में लालकुआं पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लालकुआं, मुखानी और काठगोदाम क्षेत्र में हुई सात दुकानों की चोरी की घटनाओं का सफल खुलासा कर दिया है। पुलिस ने 45 मुकदमों में वांछित हिस्ट्रीशीटर प्रमोद कुमार आर्या उर्फ पिद्दा और उसके साथी राजू बहादुर को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से ₹2.28 लाख से अधिक की चोरी की नकदी, एक चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल तथा चोरी के पैसों से खरीदा गया वीवो मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार 24 मई, 9 जून और 15 जून 2026 को लालकुआं क्षेत्र में बंद दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की कई वारदातें हुई थीं। मामलों की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने तत्काल खुलासे के निर्देश दिए, जिसके बाद एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, सीओ हल्द्वानी/लालकुआं अमित कुमार तथा प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण, मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर सुरागरसी एवं पतारसी करते हुए 26 जून को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने लालकुआं के चार, मुखानी के दो तथा काठगोदाम के एक चोरी के मामले का खुलासा किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल ₹2,28,200 की चोरी की नकदी, स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (UK04L-3095) तथा चोरी की रकम से खरीदा गया करीब ₹16 हजार कीमत का वीवो मोबाइल फोन बरामद किया है।
जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी प्रमोद कुमार आर्या उर्फ पिद्दा रात के समय बंद दुकानों के ताले तोड़कर अंदर प्रवेश करता था और गल्ले से नकदी चोरी करता था, जबकि उसका साथी राजू बहादुर बाहर निगरानी रखता था। चोरी की रकम दोनों नशे और अन्य खर्चों में उड़ा देते थे। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी के विरुद्ध पहले से करीब 45 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में प्रमोद कुमार आर्या उर्फ पिद्दा (34 वर्ष) निवासी दीना डी क्लास, हल्दूचौड़ तथा राजू बहादुर (22 वर्ष) निवासी फॉरेस्ट कम्पाउंड, बजरी कंपनी, लालकुआं शामिल हैं।
इस सफल कार्रवाई में चौकी प्रभारी हल्दूचौड़ उप निरीक्षक अर्जुन गिरी गोस्वामी, कांस्टेबल कुबेर सिंह, कांस्टेबल मनीष शर्मा एवं कांस्टेबल राजेश कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उत्कृष्ट कार्य के लिए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने पूरी पुलिस टीम को ₹2,500 के नगद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।




