
छात्र संघ चुनाव के नामांकन में पुलिस का सख्त पहरा, SSP खुद मैदान में उतरे; हुड़दंग और अव्यवस्था पर रहेगी पैनी नजर।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
रामनगर/नैनीताल। छात्र संघ चुनाव 2026-27 के नामांकन को लेकर नैनीताल पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। नामांकन प्रक्रिया के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी तरह की अव्यवस्था को रोकने के लिए पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। खास बात यह रही कि सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी स्वयं मौके पर पहुंचे और ग्राउंड जीरो पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
नामांकन स्थल और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती के साथ प्रवेश और निकास व्यवस्था, बैरिकेडिंग, भीड़ नियंत्रण तथा यातायात व्यवस्था पर विशेष फोकस किया गया है। SSP ने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से सुरक्षा तैयारियों की जानकारी ली और ड्यूटी में किसी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
छात्र संघ चुनाव के दौरान प्रत्याशियों और समर्थकों की आवाजाही के चलते भीड़ बढ़ने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने भीड़ प्रबंधन को प्राथमिकता दी है। नामांकन स्थल के आसपास यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के साथ ही पुलिस की निगरानी लगातार जारी है। पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो और किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था प्रभावित न होने पाए।
SSP डॉ. मंजूनाथ टीसी ने ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि चुनावी प्रक्रिया के दौरान नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जाए। किसी भी प्रकार की अराजकता, विवाद या अव्यवस्था की स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जाए।
नैनीताल पुलिस की इस सख्ती से साफ है कि छात्र संघ चुनाव की नामांकन प्रक्रिया के दौरान पुलिस कानून-व्यवस्था को लेकर कोई जोखिम नहीं लेना चाहती। पुलिस की टीमें लगातार क्षेत्र में निगरानी बनाए हुए हैं और नामांकन प्रक्रिया को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह मुस्तैद हैं।







