
🔥 मालधन की सड़क पर भारी वाहनों का खेल खत्म! एआरटीओ पंकज श्रीवास्तव का सख्त एक्शन, 10 वाहन लौटाए, उल्लंघन पर कार्रवाई तय!
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
रामनगर। मालधन क्षेत्र में भारी मल्टी-एक्सल वाहनों और बड़े डंपरों के संचालन से स्थानीय लोगों को हो रही परेशानी और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए एआरटीओ प्रवर्तन रामनगर पंकज श्रीवास्तव ने कार्रवाई की है। अभियान के दौरान प्रतिबंधित मार्ग पर प्रवेश करने का प्रयास कर रहे 10 भारी वाहनों को वापस लौटाया गया।
स्थानीय निवासियों की लगातार मिल रही शिकायतों का संज्ञान लेते हुए एआरटीओ प्रवर्तन ने चौधरी ढाबे से मालधन की ओर जाने वाले मार्ग पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए। इस दौरान खनन एवं खनिज विभाग तथा वन विभाग की चौकियों का निरीक्षण कर संबंधित कार्मिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। सभी संबंधित चौकियों को लिखित पत्र देकर प्रतिबंधित भारी वाहनों और बड़े डंपरों को मार्ग में प्रवेश करने से रोकने के लिए सतर्क रहने को कहा गया।
एआरटीओ ने वाहन स्वामियों, चालकों और संबंधित वाहन यूनियनों को भी स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रतिबंधित मार्ग पर भारी वाहनों का संचालन न करें। नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधित वाहन के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान चौधरी ढाबे से करीब 500 मीटर आगे स्थित चौकी पर चार भारी वाहनों को मौके से वापस लौटाया गया। विभागीय पहल के तहत कुल 10 वाहनों को वापस किए जाने की जानकारी दी गई है।
एआरटीओ प्रवर्तन पंकज श्रीवास्तव ने स्थानीय नागरिकों से भी अभियान में सहयोग की अपील की। उन्होंने नागरिकों को अपना संपर्क नंबर उपलब्ध कराते हुए कहा कि यदि कोई चालक निर्देशों की अवहेलना कर जबरन भारी वाहन इस मार्ग पर ले जाने का प्रयास करता है, तो इसकी सूचना तत्काल विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा, स्थानीय नागरिकों की सुविधा और दुर्घटनाओं की रोकथाम विभाग की प्राथमिकता है। संबंधित विभागों, चौकी प्रभारियों, वाहन यूनियनों और स्थानीय लोगों के सहयोग से इस दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।







