
भूमियाधार में हादसे से मचा हड़कंप, 50 मीटर नीचे खाई में गिरी स्कॉर्पियो, चालक की मौत, चार घायलों को रेस्क्यू कर अस्पताल भेजा।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
नैनीताल। भूमियाधार के पास शनिवार को एक स्कॉर्पियो वाहन अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में वाहन चालक की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही तल्लीताल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर घायलों को खाई से बाहर निकाला।
पुलिस के अनुसार, कोतवाली तल्लीताल को डीसीआर के माध्यम से भूमियाधार के पास वाहन दुर्घटना की सूचना मिली थी। सूचना पर चौकी ज्योलीकोट से पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। मौके पर HR 36 AP 2156 नंबर की स्कॉर्पियो करीब 50 मीटर नीचे खाई में गिरी मिली। वाहन में चालक समेत पांच लोग सवार थे।
हादसे में चालक देवदास पुत्र कर्मवीर, उम्र 21 वर्ष, निवासी करनाल, हरियाणा की मौत हो गई। वहीं राहुल (22), रविंद्र (27), विनोद रणवीर (30) और विक्रम (34) घायल हुए हैं। सभी घायल हरियाणा के रहने वाले बताए गए हैं।
घायलों में राहुल के कंधे और सीने में दर्द बताया गया है, जबकि अन्य घायलों को भी चोटें आई हैं। पुलिस एवं एसडीआरएफ ने सभी घायलों को रेस्क्यू कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।







