रामनगर में बाघ का हमला, पानी भरने गई महिला पर झपटा टाइगर, गांव में दहशत का माहौल।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
रामनगर। रामनगर के चौपड़ा लेटी गांव में बाघ के हमले से हड़कंप मच गया। जंगल की ओर पानी भरने गई एक महिला पर अचानक बाघ ने हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
घायल महिला की पहचान उमा उर्फ रमा देवी पत्नी भुवन चंद्र के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि महिला रोजमर्रा की तरह पानी भरने जंगल की ओर गई थीं, तभी घात लगाए बैठे बाघ ने उन पर हमला बोल दिया। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह उन्हें बाघ के चंगुल से छुड़ाया।
घायल अवस्था में महिला को तत्काल रामनगर के रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है।
🐅 गांव में डर का माहौल
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से बाघ की निगरानी बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
🔍 वन विभाग अलर्ट
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पगमार्क के आधार पर हमलावर बाघ की पहचान शुरू कर दी है। विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अकेले जंगल की ओर न जाएं और विशेष सतर्कता बरतें।
⚠️ सवाल बड़ा है…
आखिर कब तक जंगल से सटे गांवों के लोग बाघ के खौफ में जीते रहेंगे? एक बार फिर इंसान और वन्यजीव संघर्ष की यह घटना सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर रही है।




