त्रिवेणी धाम टांडा मल्लू में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश।
रामनगर। टांडा मल्लू स्थित त्रिवेणी धाम में पीरूमदारा मंडल भाजपा महिला मोर्चा के तत्वावधान में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संगठन पदाधिकारियों, भाजपा कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों ने सहभागिता करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं। वृक्षारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की नींव भी है।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान का उल्लेख करते हुए कहा गया कि देश के करोड़ों नागरिकों से अपनी माता के सम्मान में एक पौधा लगाने की अपील की गई है। इस जन अभियान को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने की आवश्यकता है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं गढ़वाल-कुमाऊँ विकास समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिशुपाल सिंह रावत ने महिला मोर्चा की इस पहल की सराहना करते हुए पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड लगभग 65 प्रतिशत वन क्षेत्र वाला राज्य होने के बावजूद पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर जनभागीदारी आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के आह्वान के अनुरूप भाजपा कार्यकर्ता समाज के प्रत्येक वर्ग को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित कर रहे हैं तथा तराई क्षेत्रों में भी व्यापक स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में महिला मोर्चा की मंडल अध्यक्ष नैना अग्रवाल, महामंत्री मंजू रावत, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य निर्मला रावत, मनीष अग्रवाल, पीरूमदारा मंडल के ब्लॉक अध्यक्ष बलदेव रावत, महामंत्री कपिल रावत, महामंत्री गौरव धौलाखंडी, मीडिया प्रभारी संजय रावत सहित वीरेंद्र पाल सिंह रावत, देवेंद्र प्रसाद पंत, महेश वर्मा, हरीश भट्ट, मोहन सिंह रावत, दिनेश बिष्ट, मनोज बुधनी, नीलम रावत, पूजा रावत, हेमा गोस्वामी, पुष्पा ध्यानी और लक्ष्मी रावत समेत अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने पौधारोपण के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल का संकल्प लिया तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए जनजागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया।




