नैनीताल पहुंची भारत सरकार की टीम, VB GRAM-G योजना की जमीनी हकीकत परखी।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार की संयुक्त सचिव एवं वित्तीय सलाहकार तनुजा ठाकुर खोलके के नेतृत्व में केंद्रीय अधिकारियों की टीम ने शुक्रवार को नैनीताल जनपद का दौरा कर VB GRAM-G योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा की। टीम ने पहले रामनगर विकासखंड में योजना के तहत चल रहे कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर गुणवत्ता और प्रगति का जायजा लिया।
इसके बाद नैनीताल क्लब में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परियोजना निदेशक डीआरडीए शिल्पी पंत, जिला विकास अधिकारी संतोष कुमार पंत, सभी खंड विकास अधिकारी, उप कार्यक्रम अधिकारी तथा जिला स्तरीय टीम मौजूद रही।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने योजना के संचालन में आ रही कई व्यावहारिक समस्याओं को केंद्रीय टीम के समक्ष रखा। इनमें NMMS ऐप के माध्यम से उपस्थिति दर्ज करने में तकनीकी दिक्कतें, सामग्री मद के भुगतान में हो रही देरी तथा इंटरिम वर्क्स लिस्ट में मौजूद कमियां प्रमुख रहीं।
भारत सरकार के अधिकारियों ने सभी सुझावों और समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके समाधान का आश्वासन दिया। साथ ही सभी संबंधित अधिकारियों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजना का समयबद्ध और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
केंद्रीय टीम के इस दौरे को ग्रामीण विकास योजनाओं की निगरानी और जमीनी स्तर पर सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।




