रानीखेत को जाम से मिलेगी राहत! दो मल्टीलेवल पार्किंग परियोजनाओं को मिली रफ्तार।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
उत्तराखंड सरकार ने रानीखेत और रुद्रपुर की दो अहम शहरी विकास परियोजनाओं को गति देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। एक ओर रानीखेत में जाम से राहत दिलाने के लिए दो मल्टीलेवल पार्किंग परियोजनाओं की समीक्षा कर संशोधित प्रस्ताव जल्द प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं, वहीं दूसरी ओर रुद्रपुर में 18 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले आधुनिक विकास प्राधिकरण कार्यालय के निर्माण कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर सचिव आवास डॉ. आर. राजेश कुमार ने सचिवालय में रानीखेत की दो प्रस्तावित मल्टीलेवल पार्किंग परियोजनाओं की समीक्षा की। गैस गोदाम-आशियाना पार्क और रोडवेज स्टेशन के पास बनने वाली पार्किंग परियोजनाओं की तकनीकी और वित्तीय स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों को व्यवहार्यता, पार्किंग क्षमता, राजस्व मॉडल और स्थानीय जरूरतों का अध्ययन कर संशोधित प्रस्ताव जल्द शासन को सौंपने के निर्देश दिए गए।
दूसरी समीक्षा बैठक में रुद्रपुर के ग्राम कल्याणपुर में बनने वाले जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण के नए कार्यालय भवन की प्रगति का जायजा लिया गया। करीब 18.01 करोड़ रुपये की इस परियोजना का निर्माण 8740 वर्गमीटर भूमि पर किया जा रहा है। भवन को आधुनिक ग्रीन बिल्डिंग मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा, जिसमें सोलर एनर्जी, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, पार्किंग और लैंडस्केपिंग जैसी सुविधाएं होंगी। परियोजना की भौतिक प्रगति करीब 50 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है।
सचिव आवास डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि रानीखेत में पार्किंग परियोजनाओं के पूरा होने से जाम की समस्या कम होगी और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। वहीं रुद्रपुर का नया विकास प्राधिकरण कार्यालय प्रशासनिक कार्यों को अधिक प्रभावी बनाएगा और पर्यावरण अनुकूल निर्माण का उदाहरण बनेगा। उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में दोनों परियोजनाओं को पूरा करने के निर्देश दिए।




