
जनसुनवाई में आयुक्त दीपक रावत का सख्त रुख, गैरहाजिर सफाई कर्मियों पर कार्रवाई के निर्देश, निजी अमीनों को भी चेतावनी।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
हल्द्वानी। जनसमस्याओं के निस्तारण को लेकर आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने शनिवार को हल्द्वानी स्थित कैंप कार्यालय में जनसुनवाई की। इस दौरान नगर निगम की सफाई व्यवस्था, भूमि विवाद, खेती की जमीन पर जबरन कब्जा, मुआवजा, इंश्योरेंस के नाम पर ठगी, सड़क निर्माण और सेवानिवृत्त कर्मचारियों के देयकों सहित विभिन्न मामलों में शिकायतें सामने आईं। आयुक्त ने अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
वार्डों में सफाई कर्मियों की होगी नियमित जांच
नगर निगम के कुछ वार्डों में सफाई व्यवस्था बदहाल होने की शिकायत पर आयुक्त ने नगर आयुक्त को सभी वार्डों में तैनात सफाई कर्मियों की नियमित उपस्थिति जांचने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निरीक्षण के दौरान निर्धारित वार्ड से अनुपस्थित पाए जाने वाले सफाई कर्मियों के खिलाफ तत्काल नियमानुसार कार्रवाई की जाए। इसके लिए नियमित चेकिंग अभियान चलाने को भी कहा।
निजी अमीनों की मनमानी पर आयुक्त सख्त
भूमि की पैमाइश के नाम पर निजी अमीनों की भूमिका को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। राधिका देवी ने शिकायत की थी कि निजी अमीन द्वारा उनकी पैतृक संपत्ति का बंटवारा सही तरीके से नहीं किया गया। मामले में नाराजगी जताते हुए आयुक्त ने आमजन से अपील की कि भूमि की पैमाइश केवल सरकारी अमीन से ही कराएं। उन्होंने चेतावनी दी कि निजी भूमि का सीमांकन करते हुए मौके पर पाए जाने वाले निजी अमीनों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
चार लाख रुपये वापस कराने के निर्देश
दमुवांढूंगा निवासी प्रेमा देवी ने शिकायत की कि उन्होंने क्षेत्र में एक कमरा चार लाख रुपये में खरीदा था, लेकिन भवन स्वामी ने न तो कमरा दिया और न ही धनराशि वापस की। आयुक्त ने संबंधित विक्रेता को कार्यालय में तलब कर दोनों पक्षों की बात सुनी। इसके बाद आपसी समझौते के तहत विक्रेता को चार लाख रुपये वापस करने के निर्देश दिए। विक्रेता ने निर्धारित समयसीमा में धनराशि लौटाने का आश्वासन दिया।
अन्य शिकायतों पर भी हुई सुनवाई
जनसुनवाई में मुनस्यारी के लोगों ने वन पंचायत गठन, गोदावरी देवी ने धनराशि वापस दिलाने, सेवानिवृत्त कर्मचारी मदन सिंह बिष्ट ने सेवायोजकों के भुगतान तथा सरस्वती कबडवाल ने भूमि बंटवारे के दौरान तारबाड़ लगाने से रोके जाने संबंधी शिकायत रखी।
आयुक्त दीपक रावत ने सभी शिकायतकर्ताओं की समस्याएं क्रमवार सुनीं और संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देते हुए कई शिकायतों का मौके पर ही समाधान कराया। उन्होंने अधिकारियों को जनसमस्याओं के प्रति गंभीरता बरतने और शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।












