मंत्री कैड़ा ने किया कालाआगर-धुरा मोटर मार्ग का लोकार्पण, ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
भीमताल। भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम सभा कालाआगर और धुरा के ग्रामीणों को लंबे इंतजार के बाद मोटर मार्ग की सौगात मिल गई है। क्षेत्र में नवनिर्मित कालाआगर-धुरा मोटर मार्ग का मंत्री राम सिंह कैड़ा ने लोकार्पण किया।
ग्रामीण लंबे समय से गांव को मोटर मार्ग से जोड़ने की मांग कर रहे थे। सड़क सुविधा नहीं होने के कारण ग्रामीणों को कई किलोमीटर पैदल चलकर मुख्य मार्ग तक पहुंचना पड़ता था। सबसे अधिक परेशानी किसानों को होती थी, जिन्हें अपने कृषि उत्पाद मंडी तक पहुंचाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।
ग्रामीणों के मुताबिक, परिवहन सुविधा के अभाव में कृषि उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने में होने वाला किराया इतना अधिक हो जाता था कि किसानों की मेहनत से अर्जित आय का बड़ा हिस्सा ढुलाई में ही खर्च हो जाता था। इससे क्षेत्र के किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा था।
ग्रामीणों ने अपनी समस्या से मंत्री राम सिंह कैड़ा को अवगत कराते हुए मोटर मार्ग निर्माण की मांग की थी। ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए मंत्री कैड़ा ने सड़क निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत कराने की पहल की। निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद अब इसका विधिवत लोकार्पण किया गया।
मोटर मार्ग के शुरू होने से कालाआगर और धुरा गांव के ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही किसानों को अपने कृषि उत्पाद बाजार और मंडी तक पहुंचाने में भी राहत मिलने की उम्मीद है। सड़क सुविधा से क्षेत्र में रोजगार, व्यापार और अन्य आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की संभावना है।
लोकार्पण के अवसर पर ग्रामीणों ने मोटर मार्ग निर्माण के लिए मंत्री राम सिंह कैड़ा का आभार जताते हुए धन्यवाद किया। ग्रामीणों ने कहा कि सड़क बनने से उनकी वर्षों पुरानी समस्या का समाधान हुआ है और अब उन्हें आवागमन के लिए लंबी दूरी पैदल तय नहीं करनी पड़ेगी।
इस अवसर पर भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।




