

विशालकाय अजगर मिलने से मचा हड़कंप, सभासद की तत्परता से सुरक्षित रेस्क्यू।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
रामनगर। क्षेत्र के वार्ड नंबर 06 स्थित मोती महल, बम्बाघेर में मंगलवार देर शाम पुरानी पटवारी चौकी के पास एक विशालकाय अजगर दिखाई देने से स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। अजगर को देखकर आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल वार्ड सभासद पारस गोला को इसकी सूचना दी।
मामले की जानकारी मिलते ही सभासद पारस गोला ने बिना देर किए सर्प विशेषज्ञ अर्जुन कश्यप को मौके पर बुलाया। इसके बाद सभासद और सर्प विशेषज्ञ ने मौके का निरीक्षण कर सावधानीपूर्वक अजगर का सुरक्षित रेस्क्यू किया। अजगर के पकड़े जाने के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
सर्प विशेषज्ञ अर्जुन कश्यप ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि मौसम में बदलाव और बारिश के दौरान सांप तथा अन्य वन्यजीव अक्सर अपने प्राकृतिक ठिकानों से बाहर निकल आते हैं। ऐसे में किसी भी विषैले या बड़े जीव को देखकर घबराएं नहीं और उसके साथ छेड़छाड़ करने के बजाय तत्काल वन विभाग अथवा किसी प्रशिक्षित सर्प विशेषज्ञ को सूचना दें।
स्थानीय लोगों ने भी सभासद पारस गोला और सर्प विशेषज्ञ अर्जुन कश्यप की तत्परता की सराहना की, जिनकी सूझबूझ से अजगर का सुरक्षित रेस्क्यू किया जा सका।





















