

*थाना ऑफ द मंथ फोकस*
*अब थानों की होगी परफॉर्मेंस रैंकिंग! SSP डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने शुरू किया “थाना ऑफ द मंथ”*
*अपराध नियंत्रण से डिजिटल पुलिसिंग तक होगी कार्यप्रणाली की समीक्षा*
*लापरवाही पर कुछ थाना प्रभारियों को लगाई फटकार*
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस की मासिक अपराध समीक्षा बैठक में एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने पुलिसिंग को तकनीक आधारित, जवाबदेह और परिणाममुखी बनाने के लिए कई सख्त निर्देश जारी किए। हल्द्वानी कोतवाली सभागार में आयोजित बैठक में जुलाई माह के अपराधों, लंबित विवेचनाओं, साइबर अपराध, यातायात और कानून-व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में “थाना ऑफ द मंथ” की नई व्यवस्था शुरू करने का फैसला खास चर्चा में रहा। इसके तहत हर महीने थानों के प्रदर्शन का विभिन्न मानकों पर मूल्यांकन किया जाएगा। अपराध नियंत्रण, साइबर अपराधों का निस्तारण, लंबित विवेचनाओं की प्रगति, CCTV मॉनिटरिंग, डिजिटल पोर्टल पर काम और अन्य पुलिसिंग मानकों के आधार पर सर्वश्रेष्ठ थाना चुना जाएगा। वहीं लगातार खराब प्रदर्शन करने वाले थाना प्रभारियों और संबंधित कर्मचारियों की जवाबदेही तय होगी।
साइबर ठगी की रकम वापस कराने पर विशेष जोर
एसएसपी ने साइबर अपराधों को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने के निर्देश दिए। साइबर ठगी का मामला सामने आने पर मुकदमा दर्ज करने के साथ प्रभावी विवेचना और पीड़ित की धनराशि वापस कराने के लिए हर संभव प्रयास करने को कहा गया। लापरवाही मिलने पर संबंधित विवेचक की जिम्मेदारी तय करने की चेतावनी दी गई।
एएसपी/सीओ ऑपरेशन्स अमित कुमार सैनी ने PRAGATI पोर्टल, Sahyog Portal और Money Restoration Module की जानकारी अधिकारियों को दी। वहीं चिन्हित साइबर हॉटस्पॉट पर निगरानी बढ़ाने तथा पुलिसकर्मियों को Cytrain Portal पर पंजीकरण कराने के निर्देश दिए गए।
हर थाने की पुलिसिंग होगी डिजिटल
एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल ने e-Shakshya App और Zero FIR को लेकर प्रस्तुतीकरण दिया। एसएसपी ने थानों में ऑनलाइन जीडी, e-FIR, Zero FIR, e-Beat, e-Summon, e-Malkhana और e-DAR समेत सभी डिजिटल व्यवस्थाओं का डेटा समय से अपडेट करने के निर्देश दिए।
CCTNS पर शत-प्रतिशत डेटा अपडेट रखने और लंबित e-Signing सहित अन्य प्रक्रियाओं को तत्काल पूरा करने को कहा गया। लंबित विवेचनाओं के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण पर भी विशेष जोर दिया गया।
दुर्घटना पीड़ितों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश
सड़क दुर्घटनाओं से जुड़े मामलों में e-DAR के साथ हिट एंड रन प्रतिकर योजना, प्रधानमंत्री राहत योजना और राहवीर योजना के तहत पात्र पीड़ितों को लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए। दुर्घटनाओं से संबंधित आवश्यक डेटा e-DAR पोर्टल पर समयबद्ध अपडेट करने को कहा गया।
जन्माष्टमी और छात्रसंघ चुनाव को लेकर अलर्ट
आगामी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी और छात्रसंघ चुनावों को कानून-व्यवस्था की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताते हुए एसएसपी ने अभी से कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। कॉलेज परिसरों और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी, पुलिस गश्त और आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई बढ़ाने को कहा गया।
धार्मिक भावनाएं भड़काने, सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों पर भी पैनी नजर रखने के निर्देश दिए गए। बीट पुलिसिंग को मजबूत करते हुए क्षेत्र से जुड़ी सूचनाओं को संबंधित पोर्टल पर समय से अपडेट करने की जिम्मेदारी तय की गई।
यातायात सुधार पर भी फोकस
बैठक में यातायात दबाव वाले क्षेत्रों, संवेदनशील मार्गों और आगामी आयोजनों को ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार के उपायों पर भी मंथन किया गया। पुलिस अधिकारियों को प्रभावी यातायात प्रबंधन के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
48 पुलिसकर्मी सम्मानित
सैनिक सम्मेलन के दौरान पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनी गईं और उनके समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए। उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य के लिए 48 पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने सम्मानित पुलिसकर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मी पूरे विभाग के लिए प्रेरणा हैं।
बैठक में एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, एसपी संचार/ऑफिस रेवाधर मठपाल, संयुक्त निदेशक विधि हीरा सिंह राणा, एएसपी/सीओ हल्द्वानी अमित कुमार सैनी सहित जनपद के सभी थाना-शाखा प्रभारी, यातायात एवं सीपीयू प्रभारी तथा पीएसी के कंपनी कमांडर मौजूद रहे।




















