
बुलेट पर पहुंचे कप्तान, ग्राउंड जीरो पर संभाली कमान, SSP डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने बुलेट बाइक से चौराहों एवं डायवर्जन प्वाइंट्स का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश, श्रद्धालुओं की भारी आमद के बीच ट्रैफिक प्लान पर लिया बड़ा फैसला—कल 6 घंटे ONE-WAY रहेगा ट्रैफिक, वापसी करने वालों को मिलेगी प्राथमिकता।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
नैनीताल। बड़े वीकेंड और कैंची धाम में श्रद्धालुओं की भारी आमद के चलते नैनीताल जनपद में पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा है। नैनीताल, कैंची धाम, भवाली और भीमताल समेत प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों पर वाहनों का दबाव बढ़ने के बाद नैनीताल पुलिस ने यातायात व्यवस्था संभालने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने स्वयं सड़कों पर उतरकर विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया और पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को यातायात सुचारु रखने के निर्देश दिए। एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, एसपी सिटी हल्द्वानी हरबंस सिंह समेत क्षेत्राधिकारी, थाना पुलिस, यातायात पुलिस और सीपीयू की टीमें विभिन्न स्थानों पर तैनात हैं।
पुलिस के अनुसार 3 अक्टूबर की शाम पांच बजे के बाद वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू की जाएगी। भीमताल तिराहे की ओर से वाहनों को हल्द्वानी की ओर एग्जिट कराया जाएगा। शाम करीब 5:30 बजे के बाद नैनीताल की ओर जाने वाले यातायात को लगभग तीन घंटे नियंत्रित किया जाएगा, ताकि बाहर निकलने वाले वाहनों को प्राथमिकता देकर यातायात सुचारु किया जा सके।
वहीं 4 अक्टूबर को शाम चार बजे से रात 10 बजे तक हल्द्वानी-काठगोदाम से नैनीताल, भीमताल और भवाली की ओर जाने वाले यातायात को नियंत्रित किया जाएगा। इस दौरान इन क्षेत्रों से बाहर आने वाले वाहनों को प्राथमिकता दी जाएगी। पुलिस ने वाहन चालकों से वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करने की अपील की है।
कैंची धाम में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शटल सेवा और निर्धारित पार्किंग की व्यवस्था की गई है। पुलिस ने लोगों से कार-पूलिंग अपनाने, निर्धारित पार्किंग में वाहन खड़े करने और वन-वे व डायवर्जन व्यवस्था का पालन करने की अपील की है।







