
पुलिस से आंख-मिचौली पड़ी भारी, ऑपरेशन प्रहार में NBW वारंटी की कहानी का हुआ ‘द एंड’।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
लालकुआं। फरार और वांछित वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे नैनीताल पुलिस के “ऑपरेशन प्रहार” के तहत लालकुआं पुलिस को सफलता मिली है। हल्दूचौड़ पुलिस टीम ने न्यायालय से जारी गैर-जमानती वारंट के आधार पर ठगी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे एक वारंटी को गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत एसपी सिटी हल्द्वानी हरबंश सिंह और क्षेत्राधिकारी लालकुआं विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक लालकुआं बृजमोहन राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चला रही है।
इसी क्रम में 3 सितंबर 2026 को हल्दूचौड़ चौकी पुलिस ने माननीय न्यायालय हल्द्वानी से जारी गैर-जमानती वारंट (NBW) के आधार पर वाद संख्या 498/2022, धारा 420 भादवि में लंबे समय से फरार चल रहे वारंटी देसराज श्रीवास्तव पुत्र सुखलाल श्रीवास्तव, निवासी नवेदिया मिलक, थाना मिलक, जनपद रामपुर, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी ठगी के उक्त मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था। न्यायालय से जारी NBW के बाद पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही थी। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस टीम में उप निरीक्षक अर्जुन गिरी, चौकी प्रभारी हल्दूचौड़ तथा कांस्टेबल गुरमेज सिंह शामिल रहे।







