
परमिट की शर्तें तोड़ने वालों पर नैनीताल पुलिस का शिकंजा, 258 चालान, 73 वाहन सीज।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
नैनीताल। जिले में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए नैनीताल पुलिस ने परमिट की शर्तों एवं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर हुई कार्रवाई में पुलिस ने 258 चालान किए और 73 वाहनों को सीज किया।
एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र के पर्यवेक्षण में थाना पुलिस, यातायात पुलिस और सीपीयू को अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। अभियान के दौरान वाहनों की जांच कर परमिट की शर्तों का उल्लंघन पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार कुल सीज किए गए 73 वाहनों में 72 मोटरसाइकिल शामिल हैं। इसके अलावा पांच ड्राइविंग लाइसेंस/परमिट निरस्त करने की कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान 47 हजार रुपये का संयोजन शुल्क भी वसूला गया।
क्षेत्रवार कार्रवाई में यातायात निरीक्षक हल्द्वानी ने नौ, यातायात निरीक्षक भीमताल/भवाली/कैंचीधाम ने नौ तथा सीपीयू हल्द्वानी ने 24 वाहन सीज किए। वहीं विभिन्न थाना पुलिस द्वारा 224 नगद चालान किए गए।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों और परमिट की शर्तों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। अधिकारियों ने वाहन चालकों से नियमों का पालन करने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की।







