
रामनगर में जुटेंगे मिनिस्ट्रियल कर्मचारी, द्विवार्षिक अधिवेशन में नई कार्यकारिणी का होगा गठन।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
रामनगर। उत्तरांचल फैडरेशन ऑफ मिनिस्ट्रियल सर्विसेज एसोसिएशन, उत्तराखंड रामनगर का एक दिवसीय दशम द्विवार्षिक अधिवेशन शुक्रवार को पर्वतीय सभा, लखनपुर, कोटद्वार रोड में आयोजित किया जाएगा। अधिवेशन सुबह 11 बजे से शुरू होगा। इसमें रामनगर परिक्षेत्र के विभिन्न सरकारी कार्यालयों और विद्यालयों में कार्यरत मिनिस्ट्रियल संवर्ग के कर्मचारी प्रतिभाग करेंगे।
फैडरेशन के संयोजक मंडल की ओर से जारी अधिसूचना में बताया गया कि अधिवेशन के दौरान संगठन की नई कार्यकारिणी के विभिन्न पदों के लिए निर्वाचन कराया जाएगा। इसमें अध्यक्ष, वरिष्ठ उपाध्यक्ष, उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष, मंत्री और सम्प्रेक्षक के एक-एक पद के अलावा प्रत्येक विभाग में संगठन मंत्री और प्रचार मंत्री के पद पर निर्वाचन होगा।
फैडरेशन ने कर्मचारियों से अधिवेशन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है। अधिसूचना में शासनादेश का हवाला देते हुए बताया गया है कि मान्यता प्राप्त सरकारी सेवा संघों एवं परिसंघों के कार्यकारिणी सदस्यों को कार्यकारिणी की बैठक में प्रतिभाग करने के लिए एक कैलेंडर वर्ष में अधिकतम चार दिन का विशेष आकस्मिक अवकाश स्वीकृत किए जाने का प्रावधान है।
फैडरेशन ने संबंधित विभागों में कार्यरत मिनिस्ट्रियल संवर्ग के कार्मिकों से शासनादेश के अनुरूप विशेष आकस्मिक अवकाश लेकर अधिवेशन में प्रतिभाग करने का आह्वान किया है। अधिवेशन को संगठन की आगामी गतिविधियों और कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।







