
आनंद सिंह रावत निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित, दलीप सिंह मेहता बने सचिव, सचिवालय घेराव के लिए कर्मचारियों से देहरादून कूच की अपील।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
रामनगर। उत्तरांचल फेडरेशन ऑफ मिनिस्ट्रियल सर्विसेज एसोसिएशन, उत्तराखंड की रामनगर शाखा का द्विवार्षिक अधिवेशन लखनपुर स्थित पर्वतीय सभा भवन में आयोजित किया गया। अधिवेशन के दौरान सर्वसम्मति से वन विभाग के आनंद सिंह रावत को निर्विरोध अध्यक्ष और शिक्षा विभाग के दलीप सिंह मेहता को मंत्री (सचिव) चुना गया। इसके साथ ही संगठन की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया।
चुनाव अधिकारी बृजमोहन सिंह रावत, दीवान सिंह बिष्ट और हरीश चंद्र पपनै की देखरेख में चुनाव प्रक्रिया संपन्न हुई। इसमें लोक निर्माण विभाग के हरीश सिंह जलाल को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, सिंचाई विभाग के संजय आर्या को उपाध्यक्ष, सिंचाई विभाग के रजत आर्या को कोषाध्यक्ष और उद्यान विभाग के गिरधर सिंह सलाल को प्रचार मंत्री चुना गया। वहीं, सुरेश चंद्र कांडपाल, नवीन चंद्र घिड़ियाल, पंकज कुमार मैंदोलिया और कमला शर्मा को संगठन का संरक्षक घोषित किया गया।
अधिवेशन में फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी सुनील सिंह भंडारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। नवनिर्वाचित अध्यक्ष आनंद सिंह रावत ने सभी सदस्यों का आभार जताते हुए संगठन की एकजुटता पर जोर दिया।
उन्होंने बताया कि संगठन की 12 सूत्रीय मांगों के समर्थन में 12 अक्टूबर 2026 को देहरादून में सचिवालय घेराव कार्यक्रम प्रस्तावित है। उन्होंने रामनगर के सभी विभागों के कार्मिकों से अधिक से अधिक संख्या में देहरादून कूच कर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।
अधिवेशन में वन, शिक्षा, सिंचाई, उद्यान, परिवहन, लोक निर्माण और चिकित्सा सहित विभिन्न विभागों के करीब 200 अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। नवनिर्वाचित अध्यक्ष ने मुख्य अतिथि, चुनाव अधिकारियों, मीडिया प्रतिनिधियों और अधिवेशन में शामिल सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।







