
लोकथात महोत्सव में दीपक रावत ने मचाया धमाल, कुमाऊंनी गीत से बांधा समां।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
हल्द्वानी/बिंदुखत्ता। बिंदुखत्ता में आयोजित लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव की सांस्कृतिक संध्या लोकगीतों के नाम रही। कार्यक्रम में कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर महोत्सव का शुभारंभ किया। इस दौरान आयोजक मंडल ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
महोत्सव में उस समय माहौल और भी शानदार हो गया, जब आयुक्त दीपक रावत खुद लोकगायक के अंदाज में नजर आए। उन्होंने लोकप्रिय कुमाऊंनी गीत ‘लाल चुन्नी कुरती तेरी काली’ गाकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। उनकी इस प्रस्तुति पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं। उन्होंने अमर लोकगायक स्वर्गीय प्रहलाद सिंह मेहरा को याद करते हुए उत्तराखंड की लोकसंस्कृति में उनके योगदान को भी सराहा।
सांस्कृतिक संध्या में लोकगायिका खुशी जोशी, लोकगायक जितेंद्र तोमक्याल, राकेश पनेरू और राकेश जोशी ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधा। वहीं हास्य लोक कलाकार जीवन दानू ने अपनी हास्य प्रस्तुतियों से दर्शकों को खूब गुदगुदाया।
संजय नगर नंबर-1 स्थित सरस्वती शिशु मंदिर मैदान में आयोजित इस महोत्सव का उद्देश्य उत्तराखंड की लोकभाषा, लोकसंगीत और पारंपरिक लोककलाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। साथ ही अमर लोकगायक स्वर्गीय प्रहलाद सिंह मेहरा की स्मृतियों को जीवंत रखना भी महोत्सव का प्रमुख उद्देश्य है।












