
राज्य स्थापना दिवस की तैयारियों में जुटा नैनीताल प्रशासन, शहीदों को श्रद्धांजलि के साथ शुरू होंगे भव्य कार्यक्रम।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
नैनीताल। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की वर्षगांठ को भव्य और आकर्षक तरीके से मनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्थापना दिवस समारोह को लेकर अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जनपद के प्रमुख सरकारी भवनों को एलईडी लाइटों से रोशन किया जाएगा। नैनीताल में डीएसए मैदान मल्लीताल से मैराथन दौड़ का आयोजन होगा, जिसमें विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के साथ एनसीसी और एनएसएस कैडेट प्रतिभाग करेंगे। दौड़ में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को पुरस्कृत किया जाएगा। इसी तरह हल्द्वानी के गौलापार स्टेडियम से भी मैराथन का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9 बजे तल्लीताल स्थित राज्य आंदोलनकारी स्वर्गीय प्रताप सिंह शहीद स्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ होगी। सुबह 10 बजे डीएसए मैदान में मुख्य समारोह आयोजित किया जाएगा। दोपहर 12 बजे नैनी झील में नौकायन प्रतियोगिता होगी, जबकि दोपहर 1 बजे से डीएसए मैदान में हिमालय फूड फेस्टिवल आयोजित किया जाएगा। इसमें पहाड़ के पारंपरिक व्यंजनों के स्टॉल लगाए जाएंगे।
इसके अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रम, छोलिया नृत्य, बैंड प्रस्तुति और झांकियां समारोह का आकर्षण रहेंगी। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने और शहर में विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी सौरभ अस्वाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



