
धामी के आगमन से पहले कांग्रेस का हल्लाबोल, बोरपुल पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को दबोचा।
**चकलुवा की इथेनॉल फैक्ट्री से लेकर भ्रष्टाचार तक के मुद्दे पर कांग्रेस का सरकार पर हमला, प्रदेश सचिव नीरज तिवारी बोले- जनता को सुविधाएं नहीं, बीमारी की सौगात दे रही सरकार**
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
**कालाढूंगी।** मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कालाढूंगी दौरे के बीच कांग्रेस ने विरोध का बिगुल फूंककर सियासी माहौल गरमा दिया। मुख्यमंत्री के आगमन पर अपनी मांगों और क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर प्रदर्शन करने पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बोरपुल के पास ही रोक लिया। इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर बैलपड़ाव पुलिस चौकी पहुंचा दिया। मुख्यमंत्री का कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी को रिहा कर दिया गया।
इस पूरे घटनाक्रम में सबसे बड़ा मुद्दा चकलुवा क्षेत्र में प्रस्तावित इथेनॉल फैक्ट्री को लेकर कांग्रेस का विरोध रहा। कांग्रेस प्रदेश सचिव नीरज तिवारी ने सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उत्तराखंड में भ्रष्टाचार चरम पर है और कालाढूंगी की जनता आज भी सड़क, स्वास्थ्य, पेयजल सहित मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब क्षेत्र की जनता अपनी बुनियादी समस्याओं के समाधान की उम्मीद लगाए बैठी है, तो सरकार उनकी चिंताओं को दूर करने के बजाय नई परेशानियां क्यों खड़ी कर रही है?
**इथेनॉल फैक्ट्री पर कांग्रेस का बड़ा सवाल, किसानों और पर्यावरण को लेकर जताई चिंता**
नीरज तिवारी ने कहा कि चकलुवा में इथेनॉल फैक्ट्री स्थापित किए जाने से क्षेत्र के किसानों के बाग-बगीचों और फसलों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। उन्होंने पर्यावरण प्रदूषण और स्थानीय लोगों के स्वास्थ्य को लेकर भी चिंता जताई। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि सरकार क्षेत्र की जनता की आपत्तियों और आशंकाओं को गंभीरता से नहीं ले रही है।
मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान कांग्रेसियों की गिरफ्तारी ने कालाढूंगी की राजनीति में एक नया मुद्दा खड़ा कर दिया है। अब सवाल यह है कि क्या सरकार इथेनॉल फैक्ट्री को लेकर स्थानीय लोगों की चिंताओं का जवाब देगी और क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए कोई ठोस कदम उठाएगी?
प्रदर्शन में जिला पंचायत सदस्य अर्णव कंबोज, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष दीप चंद्र सती, सभासद रोहित बुधलाकोटी, पीयूष बिष्ट और कमल अधिकारी सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।












