
PCS परीक्षा पर एसएसपी अर्पण यदुवंशी का सख्त पहरा, सॉल्वर गैंग से नकल माफिया तक रडार पर; चप्पे-चप्पे पर तैनात रहेगी पुलिस।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
हल्द्वानी। उत्तराखंड PCS प्रारंभिक परीक्षा-2026 को लेकर नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा का ऐसा चक्रव्यूह तैयार किया है, जिसमें नकल माफिया और सॉल्वर गैंग की हर चाल पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए एसएसपी नैनीताल अर्पण यदुवंशी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं। परीक्षा केंद्रों से लेकर होटल, साइबर कैफे और संदिग्ध ठिकानों तक पुलिस की निगरानी रहेगी।
29 नवंबर को उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की ओर से आयोजित होने वाली इस महत्वपूर्ण परीक्षा को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए एसपी सिटी हल्द्वानी हरबन्स सिंह ने मिनी पुलिस लाइन में परीक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की विशेष ब्रीफिंग की। इसमें साफ निर्देश दिए गए कि ड्यूटी में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 10 से दोपहर 12 बजे और दूसरी पाली दोपहर 2 से शाम 4 बजे तक चलेगी। पुलिसकर्मी सुबह 7 बजे से ही अपने निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर मोर्चा संभाल लेंगे। अभ्यर्थियों की DFMD और HHMD से सघन तलाशी होगी, जबकि मोबाइल फोन, हिडन कैमरा और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को परीक्षा केंद्र में ले जाने पर पूरी तरह रोक रहेगी।
सॉल्वर गैंग पर विशेष नजर, संदिग्ध ठिकानों पर होगी चेकिंग
परीक्षा में सेंधमारी की किसी भी कोशिश को नाकाम करने के लिए एसओजी, एलआईयू और साइबर टीम को सक्रिय किया गया है। संदिग्ध कोचिंग सेंटरों, पूर्व में नकल के मामलों में संलिप्त लोगों और सॉल्वर गैंग की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। होटल, ढाबों, होम स्टे और गेस्ट हाउस की भी चेकिंग की जाएगी।
परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू रहेगी। वहीं आसपास साइबर कैफे, फोटोकॉपी और प्रिंटिंग की दुकानों को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रश्नपत्रों को सुरक्षित पहुंचाने और उत्तर पुस्तिकाओं को जमा कराने के लिए पुलिस स्कॉर्ट की व्यवस्था भी रहेगी।
एसएसपी अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर पुलिस ने यातायात व्यवस्था से लेकर सोशल मीडिया निगरानी तक सभी मोर्चों पर तैयारी की है। परीक्षा से जुड़ी भ्रामक खबरें और अफवाह फैलाने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का साफ संदेश है कि परीक्षा की निष्पक्षता से खिलवाड़ करने की कोशिश करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। ब्रीफिंग में सीओ हल्द्वानी लव शर्मा, सीओ लालकुआं विमल प्रसाद, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।












