
सड़क खोदकर छोड़ी, मरम्मत के नाम पर सिर्फ आश्वासन! कमिश्नर तक पहुंचा मामला।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
रामनगर। जल जीवन मिशन के नाम पर सड़क खोदकर पाइपलाइन तो बिछा दी गई, लेकिन सड़क की मरम्मत करना विभाग भूल गया। ग्राम बसई स्थित गायत्री विहार कॉलोनी के लोग पिछले ढाई साल से बदहाल सड़क पर चलने को मजबूर हैं। विभागीय लापरवाही से परेशान कॉलोनीवासियों ने अब कुमाऊँ कमिश्नर दीपक रावत के दरबार में अपनी समस्या उठाई है।
गायत्री विहार जनकल्याण समिति के प्रतिनिधिमंडल ने कमिश्नर को ज्ञापन सौंपकर क्षतिग्रस्त सड़क का पूर्व की भांति पुनर्निर्माण कराने की मांग की। समिति का कहना है कि जनवरी 2024 में जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने के दौरान सड़क को खोदा गया था। उस समय जल निगम ने सड़क को पहले जैसी स्थिति में बनाने का आश्वासन दिया था, लेकिन ढाई साल से अधिक समय गुजरने के बाद भी वादा पूरा नहीं हुआ।
हैरानी की बात यह है कि कभी पीडब्ल्यूडी की सड़क होने, कभी मौसम खराब होने तो कभी बजट की कमी का हवाला देकर जिम्मेदार विभाग मामले को टालता रहा। आज सड़क पर गड्ढे ही गड्ढे हैं और कई जगह घास तक उग आई है।
कॉलोनीवासियों ने कहा कि बदहाल सड़क के कारण आवागमन में परेशानी के साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बना हुआ है। प्रतिनिधिमंडल ने विभागीय रवैये पर नाराजगी जताते हुए जल्द सड़क निर्माण कराने की मांग की।
इस दौरान समिति अध्यक्ष रघुवर सिंह नेगी, जसपाल सिंह रावत, पदम सिंह कंवर, मनोज सिंह बिष्ट, ग्राम प्रधान रचना रावत, नंदन सिंह गोस्वामी, राजेंद्र सिंह रावत और जयंत ध्यानी मौजूद रहे।












