देवभूमि अब खेल भूमि के रूप में सशक्त रूप से उभर रही है: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
नैनीताल, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को नैनीताल स्थित डीएसए मैदान में आयोजित भव्य कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए राज्य को खेल क्षेत्र में सशक्त बनाने के लिए ठोस योजनाओं की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि डीएसए मैदान को उच्च स्तरीय खेल सुविधाओं के साथ मॉडल स्पोर्ट्स सेंटर के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे। साथ ही फ्लैट्स मैदान में हॉकी टर्फ व बॉक्सिंग रिंग की स्थापना की जाएगी, और इस मैदान का उपयोग केवल खेल व सांस्कृतिक आयोजनों के लिए सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों के हित सुरक्षित रह सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा, “देवभूमि अब खेलभूमि के रूप में सशक्त रूप से आगे बढ़ रही है। खेल सिर्फ प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि अनुशासन, संघर्ष और टीम भावना का निर्माण करते हैं।” उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया’ अभियानों का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे देश में खेल संस्कृति को नया आधार मिला है।
मुख्य घोषणाएं और उपलब्धियां:
-
उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने हाल में संपन्न 38वें राष्ट्रीय खेलों में 103 पदक जीतकर राज्य का मान बढ़ाया।
-
स्पोर्ट्स लिगेसी प्लान के अंतर्गत 8 प्रमुख शहरों में 23 खेल अकादमियों की स्थापना प्रस्तावित।
-
हल्द्वानी में राज्य का पहला खेल विश्वविद्यालय तथा लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज की स्थापना जारी।
-
नई खेल नीति के अंतर्गत राष्ट्रीय/अंतरराष्ट्रीय पदक विजेताओं को आउट ऑफ टर्न सरकारी नौकरियां दी जा रही हैं।
-
मुख्यमंत्री खेल विकास नीति, मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना, उदयमान खिलाड़ी योजना, खेल किट योजना, उत्तराखंड खेल रत्न एवं हिमालय खेल रत्न पुरस्कार जैसे नवाचारों से खिलाड़ियों को प्रोत्साहन व संसाधन प्रदान किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि नैनीताल में वैकल्पिक पार्किंग सुविधाओं का विकास किया जाएगा और खेल इंफ्रास्ट्रक्चर में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से उपस्थित रहे:
भाजपा जिला अध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, विधायक सरिता आर्या, विधायक राम सिंह कैड़ा, विधायक फकीर राम टम्टा, मंडी अध्यक्ष अनिल कपूर ‘डब्बू’, राज्य दर्जा मंत्री सुरेश भट्ट, दिनेश आर्य, महापौर गजराज सिंह बिष्ट, महापौर अल्मोड़ा अजय वर्मा, भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री भावना मेहरा, कार्यक्रम आयोजक मोहित आर्या, शांति मेहरा, अधिवक्ता शिवांशु जोशी, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, डीआईजी कुमाऊं रिद्धिमा अग्रवाल, जिलाधिकारी वंदना सिंह, एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा सहित अनेक प्रशासनिक अधिकारी और खेलप्रेमी नागरिक।

