सूचना का अधिकार आमजन तक पहुंचे—सूचना आयुक्त का जोर
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
उत्तराखंड राज्य सूचना आयोग के सूचना आयुक्त दलीप सिंह कुंवर की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार, भीमताल में जनपद स्तरीय लोक सूचना अधिकारियों के साथ बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में सूचना आयुक्त ने कहा कि आयोग का मूल उद्देश्य सूचना का अधिकार आमजन तक पहुंचाना है,
विशेषकर उन लोगों तक जो जनपद के दूरस्थ क्षेत्रों में निवास करते हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सूचना के प्रभावी प्रसार के लिए जागरूकता कार्यक्रमों को और अधिक सशक्त बनाया जाए। उन्होंने यह भी जोर दिया कि पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत करने के लिए सूचना का समयबद्ध और सरल उपलब्ध होना आवश्यक है। इस दौरान विभिन्न विभागों के द्वारा सूचना का अधिकार अधिनियम के अंतर्गत की जा रही कार्यवाही आदि के बारे में जानकारी लेते हुए कहा कि निर्धारित समय पर प्राप्त आवेदनों पर आवेदनकर्ता को सूचना अवश्य ही उपलब्ध कराई जाए।
बैठक में जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी गोस्वामी , जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी डॉ मुकेश नेगी सहित विभिन्न विभागों के लोक सूचना अधिकारी उपस्थित रहे।


