ऑटो में सफर कर रही महिला को लगा बड़ा झटका, बैग से उड़ गए सोने के जेवर।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
रामनगर। शादी समारोह की खुशियां उस वक्त मातम जैसे माहौल में बदल गईं, जब शीतल कुंज पीरूमदारा निवासी उर्मिला के बैग से सोने के गहने रहस्यमयी तरीके से गायब हो गए। बताया जा रहा है कि उर्मिला अपने पैतृक गांव कोटल, अल्मोड़ा से शादी समारोह में शामिल होकर रामनगर लौटी थीं।
बस अड्डे के सामने से उन्होंने घर जाने के लिए एक ऑटो किया और अपना सामान ऑटो के पीछे वाले हिस्से में रख दिया। महिला के मुताबिक बैग में सोने के कीमती गहने रखे हुए थे। इसी दौरान ऑटो में पहले से बैठे दो अज्ञात युवक भी पीछे की सीट पर सवार थे, जो टांडा क्षेत्र में उतर गए।
घर पहुंचने पर जैसे ही उर्मिला ने अपना बैग खोला, उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। बैग में रखे सोने के गहने गायब थे। घटना के बाद परिवार में हड़कंप मच गया।
पीड़िता ने तुरंत पुलिस को तहरीर देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और संदिग्धों की तलाश में जुट गई है।


