“गौला किनारे चल रहा था सट्टे का खेल, तभी पहुंच गई पुलिस!”
बनभूलपुरा में ‘खाई-बाड़ी’ का काला कारोबार बेनकाब, दो सटोरिये चढ़े पुलिस के हत्थे।
उधम सिंह राठौर – प्रधान सम्पादक
हल्द्वानी। रात का सन्नाटा… गौला पार्किंग के आसपास जमा कुछ चेहरे… हाथों में पर्चियां, जेबों में नगदी और हर नंबर पर लग रहा था दांव। तभी अचानक पुलिस की एंट्री हुई और सट्टे के इस खेल में हड़कंप मच गया। नैनीताल पुलिस की बनभूलपुरा पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में दो सटोरियों को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में जिलेभर में चल रहे सट्टा विरोधी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। मनोज कत्याल और दिनेश सिंह फर्त्याल के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार इलाके में नजर बनाए हुए थी।
पहली कार्रवाई में पुलिस ने गौला पार्किंग पट्टी के पास से खालिद को दबोचा। उसके पास से सट्टा पर्चियां, पेन, गत्ता और ₹1920 नगद बरामद हुए। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को हिरासत में लेकर मुकदमा दर्ज कर लिया।
दूसरे मामले में गौला पार्किंग के आगे बने यात्री टीन शेड के पास पुलिस ने मो. फैसल को सट्टा खिलाते हुए पकड़ लिया। तलाशी में सट्टा सामग्री के साथ ₹1460 नगदी बरामद हुई।
इस पूरी कार्रवाई में कांस्टेबल दिलशाद अहमद, मोहम्मद यासीन और शिवम कुमार की टीम ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस का कहना है कि शहर में जुआ और सट्टे का काला कारोबार चलाने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।


