“ऑपरेशन प्रहार” में पुलिस का बड़ा वार, 10 हजार का इनामी गैंगस्टर “गन्नू” आखिरकार गिरफ्तार।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
हल्द्वानी। उत्तराखंड पुलिस के “ऑपरेशन प्रहार” ने एक बार फिर अपराधियों की नींद उड़ा दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के सख्त निर्देशों पर बनभूलपुरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 हजार रुपये के इनामी गैंगस्टर ध्रुव शर्मा उर्फ “गन्नू” को आखिरकार दबोच लिया।
कई महीनों से पुलिस की आंखों में धूल झोंककर फरार चल रहा “गन्नू” लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। लेकिन पुलिस की नजरें उसका पीछा नहीं छोड़ रही थीं। एसपी सिटी मनोज कत्याल और क्षेत्राधिकारी अमित सैनी की निगरानी में प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह फर्त्याल के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही थी।
आखिरकार 19 मई 2026 को पुलिस को बड़ी सफलता मिली, जब रुद्रपुर क्षेत्र में घेराबंदी कर गैंगस्टर “गन्नू” को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस महकमे में खुशी की लहर दौड़ गई, क्योंकि आरोपी लंबे समय से पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक ध्रुव शर्मा उर्फ गन्नू के खिलाफ चोरी, गैंगस्टर एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी पर बनभूलपुरा और रुद्रपुर थानों में कई आपराधिक मामले चल रहे हैं।
पूरे ऑपरेशन में वरिष्ठ उपनिरीक्षक गगनदीप सिंह और कांस्टेबल महबूब अली की अहम भूमिका रही। पुलिस अब आरोपी को न्यायालय में पेश करने की तैयारी कर रही है। रामनगर से रुद्रपुर तक अब “ऑपरेशन प्रहार” की चर्चा है और अपराधियों में पुलिस कार्रवाई का खौफ साफ दिखाई देने लगा है।


