

*💥 बाउंसरों के साथ घूमकर खौफ बनाना पड़ा भारी… पुलिस ने सबको थाने में बैठाकर उतारा रौब*
*🚨लाइसेंसी हथियारों का गलत इस्तेमाल पड़ा भारी — पुलिस ने तुरंत किया जब्त*
💥*जनपद में अपराध, गुंडागर्दी और दहशत फैलाने वालों के लिए कोई जगह नहीं… कानून तोड़ोगे तो सीधा एक्शन होगा- SSP मंजुनाथ टीसी*
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
नैनीताल। शादी का झांसा देकर युवती से संबंध बनाने के आरोपों में घिरे नरेश पाण्डे पर अब पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। एक तरफ मल्लीताल कोतवाली में दर्ज गंभीर मुकदमे की जांच चल रही है, वहीं दूसरी ओर उसके साथ हथियारबंद बाउंसरों और प्राइवेट गनरों की मौजूदगी ने पुलिस को भी अलर्ट मोड में ला दिया है।
मल्लीताल कोतवाली में दर्ज मुकदमे के अनुसार युवती ने आरोप लगाया कि नरेश पाण्डे ने शादी का भरोसा देकर उसके साथ अवैध संबंध बनाए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि भवाली क्षेत्र में नरेश पाण्डे कथित बाउंसरों और हथियारबंद लोगों के साथ घूमकर दहशत का माहौल बना रहा है। सूचना के बाद पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए सभी बाउंसरों और गनरों को कोतवाली भवाली बुलाकर सत्यापन, पूछताछ और हथियारों की जांच की।
जांच में बड़ा खुलासा तब हुआ जब जसपुर निवासी लखविंदर सिंह अपने निजी सुरक्षा लाइसेंस वाले हथियार का इस्तेमाल नरेश पाण्डे की सुरक्षा में करता मिला। पुलिस ने इसे शस्त्र लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन मानते हुए आर्म्स एक्ट की धारा 30 में मुकदमा दर्ज कर हथियार जब्त कर लिया। साथ ही लाइसेंस निरस्तीकरण की रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजने की तैयारी की जा रही है।
इसके अलावा दो कथित बाउंसरों विशेष नाग और मधुसूदन सिंह के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि हथियारों और बाउंसरों के दम पर इलाके में भय और दबदबा बनाने की कोशिश की जा रही थी।
एसएसपी नैनीताल के सख्त निर्देशों के बाद पुलिस ने साफ कर दिया है कि अपराधी प्रवृत्ति के लोगों के साथ हथियारबंद होकर घूमने वालों पर “ऑपरेशन प्रहार” के तहत लगातार कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।





















