हर-हर महादेव के जयघोष के बीच केदारनाथ धाम के कपाट खुले, सीएम धामी रहे मौजूद।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
रुद्रप्रयाग। श्रद्धा, आस्था और दिव्यता के अद्भुत संगम के साथ भगवान श्री केदारनाथ धाम के कपाट आज बुधवार को विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। प्रातः 8 बजे शुभ मुहूर्त में जैसे ही कपाट खुले, पूरा धाम “हर-हर महादेव” और “जय श्री केदार” के उद्घोष से गूंज उठा और वातावरण भक्तिमय हो गया।
कपाट खुलने के पावन अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी उपस्थित रहे। उन्होंने बाबा केदारनाथ के दर्शन कर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि व शांति की कामना की। इस दौरान सिख रेजीमेंट के बैंड की मधुर धुनों ने आयोजन को और भी भव्य और अलौकिक बना दिया। धाम में पहली पूजा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से संपन्न कराई गई।
मुख्यमंत्री धामी ने इस अवसर पर कहा कि केदारनाथ धाम सनातन आस्था का प्रमुख केंद्र होने के साथ ही भारत की समृद्ध आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस वर्ष भी चारधाम यात्रा नए कीर्तिमान स्थापित करेगी। साथ ही उन्होंने राज्य सरकार द्वारा यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम बनाने के लिए किए गए व्यापक इंतजामों की जानकारी दी और प्रदेशवासियों से श्रद्धालुओं के प्रति सेवा व आतिथ्य भाव बनाए रखने की अपील की।
कपाट खुलने से पूर्व भगवान केदारनाथ की पंचमुखी उत्सव डोली शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर, उखीमठ से गुप्तकाशी, फाटा और गौरीकुंड होते हुए मंगलवार शाम धाम पहुंची थी। आज प्रातः 5 बजे से पूजा-अर्चना की प्रक्रिया शुरू हुई। इसके बाद रावल भीमाशंकर लिंग, पुजारी टी गंगाधर, मुख्यमंत्री धामी, विधायक आशा नौटियाल समेत धर्माचार्यों ने गर्भगृह में विधिवत पूजा-अर्चना की और लोककल्याण के संकल्प के साथ कपाट खोल दिए।
इस मौके पर केदारनाथ मंदिर को 51 क्विंटल से अधिक फूलों से भव्य रूप से सजाया गया था। कपाट खुलते ही हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई, जिससे श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।
कपाट उद्घाटन समारोह में गीता धामी, बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत, ब्लॉक प्रमुख पंकज शुक्ला, जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, तीर्थ पुरोहित, हकहकूकधारी और श्रद्धालु मौजूद रहे।


