मुख्यमंत्री धामी ने अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता महिला मुक्केबाजों को किया सम्मानित।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली उत्तराखंड की महिला मुक्केबाजों से मुलाकात कर उन्हें सम्मानित किया। इस अवसर पर पिथौरागढ़ की मुक्केबाज निकिता चंद, काजल फर्स्वाण और आरती धारियाल को उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने उनके प्रशिक्षकों बृजेंद्र मल और ललित कुँवर को भी सम्मानित करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
हाल ही में 3 से 15 जुलाई 2026 तक इंडोनेशिया के जकार्ता में आयोजित अंडर-23 एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में निकिता चंद ने 60 किलोग्राम तथा काजल फर्स्वाण ने 65 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीते। दोनों खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और मेहनत से उत्तराखंड एवं भारत का गौरव बढ़ाया।
निकिता चंद, जो पिथौरागढ़ के बड़ालू गांव की निवासी हैं, इससे पहले 2021, 2022 और 2023 की एशियन चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। वहीं मुनस्यारी के भदेली गांव की काजल फर्स्वाण पहले भी अंडर-19 एशियन चैंपियनशिप, अंडर-23 एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप तथा 38वें नेशनल गेम्स-2025 में पदक जीत चुकी हैं और वर्तमान में पटियाला स्थित राष्ट्रीय महिला बॉक्सिंग कैंप में प्रशिक्षण ले रही हैं।
इसी क्रम में पिथौरागढ़ की आरती धारियाल ने 12 से 16 जुलाई 2026 तक रोमानिया में आयोजित गोल्ड बेल्ट बॉक्सिंग प्रतियोगिता के 54 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया। आरती इससे पहले 2024 और 2025 की एलीट महिला राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीत चुकी हैं और वर्तमान में राष्ट्रीय महिला बॉक्सिंग कैंप, पटियाला में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड की बेटियां अपनी मेहनत, प्रतिभा और दृढ़ संकल्प से लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतना खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन और परिवार के सहयोग का परिणाम है। राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि सरकार राज्य में खेल सुविधाओं का विस्तार कर प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है, ताकि प्रत्येक खिलाड़ी को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल सके।
इस अवसर पर विशेष प्रमुख सचिव (खेल) अमित सिन्हा, सहायक निदेशक खेल संजीव पौरी, जिला खेल अधिकारी शबाली गुरंग सहित अन्य अधिकारी एवं प्रशिक्षक उपस्थित रहे।




