किसानों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने निकला कृषक रथ, हल्द्वानी में हुआ स्वागत।

किसानों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने निकला कृषक रथ, हल्द्वानी में हुआ स्वागत।

 

उधम सिंह राठौर -प्रधान सम्पादक

 

हल्द्वानी। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत संचालित ‘समृद्ध किसान, सशक्त उत्तराखण्ड’ कार्यक्रम के तहत विभिन्न जनपदों का भ्रमण कर रहा कृषक रथ रविवार को हल्द्वानी पहुंचा। इस दौरान आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक बंशीधर भगत ने किसानों को प्राकृतिक एवं रसायनमुक्त खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती से भूमि की उर्वरता बनाए रखने के साथ ही किसानों की आय बढ़ाने में भी मदद मिल सकती है।

यह भी पढ़ें 👉  शारदीय नवरात्रि पर सीएम धामी ने की मां दुर्गा की पूजा-अर्चना, प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना।

 

 

बंशीधर भगत ने किसानों से अपनी फार्मर रजिस्ट्री कराने और मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज होने की पुष्टि करने की अपील की। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया तेजी से डिजिटल हो रही है। ऐसे में किसानों को आवश्यक पंजीकरण और अभिलेखों को अद्यतन रखना चाहिए, ताकि वे सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से प्राप्त कर सकें।

 

 

 

कार्यक्रम में कृषि, पशुपालन और मत्स्य विभाग सहित विभिन्न संबंधित विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए। इनके माध्यम से किसानों एवं लाभार्थियों को विभागीय योजनाओं, कृषि तकनीकों और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी गई। कृषक रथ के माध्यम से गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के विभिन्न जनपदों में किसानों तक कृषि एवं संबंधित विभागों की योजनाओं की जानकारी पहुंचाई जा रही है।

यह भी पढ़ें 👉  24 नवंबर से हल्द्वानी में सजेगा राष्ट्रीय स्तरीय सरस मेला, 250 स्टालों में दिखेगी देशभर की कला और उत्पाद।

 

 

कार्यक्रम के समापन पर मुख्य अतिथि बंशीधर भगत ने कृषक रथ को हरी झंडी दिखाकर देहरादून के लिए रवाना किया।

इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, मुख्य कृषि अधिकारी संतोषी, खंड विकास अधिकारी तनवीर असगर, कृषि विज्ञान केंद्र की वैज्ञानिक डॉ. कंचन नैनवाल, उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अरविंद ह्यांकी, कृषि रक्षा अधिकारी रितु टम्टा, कृषि एवं भूमि संरक्षण अधिकारी डॉ. गीतांजलि बंगारी, हिमांशु जोशी, सहायक निदेशक मत्स्य रजनी, प्रगतिशील किसान नरेंद्र मेहरा, कृषि विज्ञान केंद्र की वैज्ञानिक डॉ. सुधा जुकारिया, इफको के प्रबंधक दीपक आर्या, भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रताप सिंह बोहरा, मंडल अध्यक्ष संदीप सनवाल, जीएस मेहरा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।