
अराजक तत्वों पर DM की सख्ती, चार को जिले की सीमा से बाहर किया।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
नैनीताल। जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अराजक तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देशन में गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए चार व्यक्तियों को जिला बदर किया गया है। प्रशासन के अनुसार, 1 जनवरी 2026 से 8 अक्टूबर 2026 तक जिले में कुल 98 अराजक तत्वों के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई की जा चुकी है।
इसी क्रम में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) विवेक राय के न्यायालय ने बनभूलपुरा निवासी शाहनवाज अंसारी उर्फ आतू को छह माह, अभिमन्यु सागर उर्फ सन्नी सागर को तीन माह और रिजवान इलियास को दो माह के लिए जिला बदर करने के आदेश जारी किए हैं। वहीं, बिंदुखत्ता निवासी विष्णु आरव को भी दो माह के लिए जिले की सीमा से बाहर रहने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला बदर की अवधि के दौरान संबंधित व्यक्तियों को नैनीताल जनपद की सीमा से बाहर रहना होगा। आदेशों का उल्लंघन करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) विवेक राय ने कहा कि जिलाधिकारी के निर्देशन में जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी मुस्तैदी से काम कर रहा है। अराजक तत्वों के खिलाफ समय-समय पर प्रभावी कार्रवाई करना आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
जिला प्रशासन की इस कार्रवाई को जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।







