
कॉर्बेट से राजाजी भेजे जाएंगे पांच और बाघ, NTCA और केंद्र से मिली दूसरे चरण की मंजूरी।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
देहरादून। कॉर्बेट टाइगर रिजर्व से राजाजी टाइगर रिजर्व में बाघों के स्थानांतरण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए दूसरे चरण के लिए अनुमति मिल गई है। इसके तहत कॉर्बेट से एक नर और चार मादा समेत पांच बाघों को राजाजी टाइगर रिजर्व में स्थानांतरित किया जाएगा।
अधिकारियों के अनुसार, बाघ स्थानांतरण परियोजना के पहले चरण में कॉर्बेट से दो नर और तीन मादा समेत पांच बाघों को राजाजी टाइगर रिजर्व के पश्चिमी क्षेत्र में सफलतापूर्वक भेजा जा चुका है। अब दूसरे चरण में पांच और बाघों को राजाजी भेजने की तैयारी है।
इस चरण के लिए राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (NTCA) और भारत सरकार से अनुमति प्राप्त हो चुकी है। फिलहाल चयनित बाघों की पहचान और उनके स्थानांतरण की तैयारियां की जा रही हैं।
बताया गया है कि बाघों का चयन ऐसे क्षेत्रों से किया जाएगा, जहां मानव-वन्यजीव संघर्ष का जोखिम अधिक है। इस पहल का उद्देश्य राजाजी टाइगर रिजर्व में बाघों की संख्या और आनुवंशिक विविधता को मजबूत करने के साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में मानव-वन्यजीव संघर्ष के जोखिम को कम करना है।
दूसरे चरण के पूरा होने के बाद कॉर्बेट से राजाजी में स्थानांतरित किए गए बाघों की संख्या 10 हो जाएगी।








