
*नैनीताल पुलिस का एक्शन—छात्रसंघ चुनाव से पहले अपराधियों पर शिकंजा*
*कॉलेज के आसपास हार्डकोर अपराधी और अराजक तत्वों पर धरातल और सोशल मीडिया पर भी पैनी नज़र*
*ITI गैंग के देवेंद्र बिष्ट के बाद धानमिल गैंग का शिवम बिष्ट भी हिरासत में*
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
हल्द्वानी/नैनीताल। छात्रसंघ चुनाव को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस ने कॉलेज परिसरों और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस की ओर से ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यदि छात्रों की आड़ में आपराधिक इतिहास वाले व्यक्ति, हार्डकोर अपराधी या अराजक तत्व कॉलेज परिसर अथवा आसपास पाए जाते हैं, तो उन्हें तत्काल हिरासत में लेकर नियमानुसार कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इसी क्रम में पुलिस ने आईटीआई गैंग के देवेंद्र बिष्ट के बाद धानमिल गैंग के शिवम बिष्ट को भी हिरासत में लिया है। पुलिस की इस कार्रवाई को छात्रसंघ चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में उठाए जा रहे कदम के तौर पर देखा जा रहा है।
नैनीताल पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि चुनाव के दौरान किसी भी तरह की अराजकता, हुड़दंग या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस की टीमें लगातार कॉलेज परिसरों और संवेदनशील स्थानों पर नजर बनाए हुए हैं।
पुलिस का कहना है कि “चुनाव लोकतंत्र का पर्व है, अपराधियों का मैदान नहीं।” चुनाव प्रक्रिया के दौरान शांति भंग करने या आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।







