
स्ट्रीट लाइटों की लापरवाही पर अब रोज होगी निगरानी, दीपक रावत ने मांगी वार्डवार रिपोर्ट।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
नैनीताल, 19 सितंबर। नगर पालिका परिषद नैनीताल क्षेत्र में स्ट्रीट लाइटों की व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद नैनीताल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। उन्होंने नगर क्षेत्र में लगी सभी स्ट्रीट लाइटों का वार्डवार सत्यापन कर उनकी स्थिति का पूरा विवरण तैयार करने को कहा है।
आयुक्त ने निर्देश दिए कि प्रत्येक वार्ड में लगी कुल स्ट्रीट लाइटों, चालू लाइटों और खराब पड़ी लाइटों की संख्या का स्पष्ट विवरण तैयार किया जाए। साथ ही खराब लाइटों को ठीक कराने के लिए की गई कार्रवाई की भी वार्डवार जानकारी दर्ज की जाए।
उन्होंने कहा कि शहर में स्ट्रीट लाइटों का नियमित रूप से क्रियाशील रहना जरूरी है, ताकि रात के समय नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
कुमाऊं आयुक्त ने नगर पालिका की ओर से प्रतिदिन कार्ययोजना तैयार कर दो कार्मिकों की ड्यूटी निर्धारित करने के निर्देश दिए हैं। दोनों कार्मिक वाहन के माध्यम से नगर पालिका क्षेत्र के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कर स्ट्रीट लाइटों की स्थिति की जांच करेंगे।
निरीक्षण के दौरान वार्डवार खराब मिली स्ट्रीट लाइटों और उनमें से ठीक कराई गई लाइटों की संख्या का विवरण प्रतिदिन तैयार कर आयुक्त कार्यालय को उपलब्ध कराया जाएगा। आयुक्त ने स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने तथा खराब लाइटों को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त कराने के निर्देश दिए हैं।








