

खाद्य प्रतिष्ठानों पर चला आकस्मिक निरीक्षण अभियान, 07 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे।
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
नैनीताल, 03 सितंबर 2026। जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल के निर्देश पर जनपद में सुरक्षित एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को खाद्य सुरक्षा विभाग ने विभिन्न क्षेत्रों में आकस्मिक निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण अभियान चलाया।
सहायक आयुक्त/अभिहित अधिकारी खाद्य संरक्षा, नैनीताल अजब सिंह रावत के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने 09 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। अभियान के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों से 07 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। इनमें सूजी, साबूदाना, ओट्स, सरसों का तेल, कोकोनट वाटर, स्प्राइड तथा थम्सअप कार्बोनेटेड पेय पदार्थ शामिल हैं।
सभी नमूनों को खाद्य संरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत विश्लेषण के लिए राज्य खाद्य एवं औषधि प्रयोगशाला भेजा गया है। वहीं, सहायक आयुक्त/अभिहित अधिकारी द्वारा 03 खाद्य कारोबारकर्ताओं के विरुद्ध वाद स्वीकृति प्रदान की गई है।
निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारियों को प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखने तथा कूड़ा निस्तारण के लिए उचित स्थान पर बंद कूड़ादान रखने के निर्देश दिए गए। विभाग के अनुसार प्रयोगशाला से प्राप्त जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा संबंधित नियमों और विनियमों के तहत आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण अभियान में सहायक आयुक्त/अभिहित अधिकारी अजब सिंह रावत, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रामनगर असलम खॉ तथा वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी हल्द्वानी ग्रामीण नन्दकिशोर मौजूद रहे।




















