*एसएसपी मंजुनाथ का मिशन ‘स्मार्ट पुलिसिंग ब्रिटिश काल की 1885 में बनी तल्लीताल कोतवाली के वार्षिक निरीक्षण में परखी कार्यप्रणाली, थाने के अभिलेखों की जांच*
*गन हैंडलिंग में ‘सुपरफास्ट’ रिस्पॉन्स पर इनाम, तो ढिलाई बरतने वालों को मिली सीधे पुलिस लाइन में ट्रेनिंग की सजा*
उधम सिंह राठौर – प्रधान संपादक
नैनीताल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने शुक्रवार को कोतवाली तल्लीताल का वार्षिक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्थाओं, अभिलेखों, शस्त्र संचालन एवं कार्यप्रणाली का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पुलिस कर्मियों को चुस्त-दुरुस्त पुलिसिंग, बेहतर अनुशासन एवं पब्लिक फ्रेंडली व्यवहार अपनाने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण की शुरुआत गार्द सलामी से हुई, जिसे एसएसपी ने उच्च कोटि का बताते हुए पुलिस कर्मियों के उत्कृष्ट टर्नआउट की सराहना की। प्रभारी निरीक्षक मनोज नयाल ने एसएसपी को कोतवाली परिसर, बैरक, भोजनालय और मालखाने का निरीक्षण कराया। इस दौरान साफ-सफाई एवं भोजन की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
एसएसपी ने आपदा उपकरणों एवं शस्त्रों का निरीक्षण करते हुए पुलिस कर्मियों का शस्त्र अभ्यास भी कराया। अभ्यास के दौरान शस्त्रों को खोलने और जोड़ने की प्रक्रिया की जानकारी ली गई। बेहतर प्रदर्शन एवं तेज रिस्पांस टाइम दिखाने वाले पुलिस कर्मियों को नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। वहीं शस्त्रों की जानकारी में कमजोर पाए गए छह पुलिस कर्मियों को फटकार लगाते हुए प्रतिदिन पुलिस लाइन में विशेष प्रशिक्षण लेने के निर्देश दिए गए।
पुरस्कृत पुलिस कर्मियों में उपनिरीक्षक श्याम सिंह बोरा, उपनिरीक्षक सतीश उपाध्याय, महिला कांस्टेबल लता रावत, कांस्टेबल बृजमोहन, वीरेंद्र कोटाल, दीपक उपाध्याय एवं चनीराम शामिल रहे।
निरीक्षण के दौरान अपराध रजिस्टर, महिला हेल्पडेस्क रजिस्टर, सीएम हेल्पलाइन, ऑनलाइन शिकायत रजिस्टर, माल रजिस्टर सहित सभी महत्वपूर्ण अभिलेखों का मिलान किया गया। एसएसपी ने सभी ऑनलाइन पोर्टल एवं CCTNS डेटा समय से अपडेट करने के निर्देश दिए।
महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, नशा तस्करी एवं पर्यटन सीजन को लेकर भी विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए। एसएसपी ने कहा कि महिला अपराध, नशे एवं अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाए तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस गश्त और विजिबिलिटी बढ़ाई जाए।
उन्होंने सभी पुलिस कर्मियों को अनुशासन बनाए रखने, नियमित व्यायाम करने, साफ-सुथरी वर्दी पहनने तथा जनसुनवाई को प्रभावी बनाते हुए शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, क्षेत्राधिकारी रविकांत सेमवाल, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


