
घर का ताला तोड़कर चोरी करने वाला शातिर गिरफ्तार, चोरी की बाइक भी बरामद।
उधम सिंह राठौर – प्रधान सम्पादक
एक घर का ताला तोड़कर चोरी करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी से संबंधित सामान, कुछ नकदी, वादी की पत्नी का आधार कार्ड और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है। पूछताछ में आरोपी ने मोटरसाइकिल नोएडा से चोरी करने की बात भी स्वीकार की।
पुलिस के अनुसार, 11 अक्टूबर 2026 को प्रेम चंद्र ने थाने में तहरीर देकर बताया कि अज्ञात चोर ने उनके घर का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने एफआईआर संख्या 322/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(ए) और 331(4) में मुकदमा दर्ज किया।
मामले के खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा मुखबिरों को सक्रिय किया।
सीसीटीवी फुटेज के अवलोकन और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने 12 अक्टूबर 2026 को आरोपी रवि वर्मा (31) पुत्र संतराम, निवासी ग्राम सुन्दरा पुट्टा, थाना टीपी नगर, जनपद मेरठ, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी से संबंधित सामान, नकदी, आधार कार्ड और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की।
मोटरसाइकिल के संबंध में पूछताछ करने पर आरोपी ने उसे नोएडा से चोरी करना बताया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।







